शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-61 में पुलिस ने RWA पदाधिकारियों के साथ की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-61 में पुलिस ने RWA पदाधिकारियों के साथ की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर हुई चर्चा, किरायेदारों व घरेलू सहायकों का सत्यापन कराने की अपील

दो टूक//नोएडा, 23 अक्टूबर। गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराधों पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नोएडा पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में एसीपी-2 नोएडा मयंक तिवारी ने थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-61 में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की।

बैठक डीसीपी नोएडा साद मियां खान और एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में आयोजित की गई। इसमें महिला सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम और पुलिस व आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। पुलिस अधिकारियों ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की।
किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन कराने की अपील

पुलिस की ओर से नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा गया कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों, घरेलू सहायकों और सुरक्षा कर्मियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं। इसके साथ ही क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधों की रोकथाम में आम नागरिकों की सतर्कता और सहयोग की अहम भूमिका है।
फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

बैठक के बाद एसीपी-2 नोएडा मयंक तिवारी ने क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग की और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पीआरवी और पीसीआर वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखना और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे सुरक्षा संबंधी मामलों में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना बिना देरी किए पुलिस तक पहुंचाएं। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही क्षेत्र में सुरक्षित माहौल कायम किया जा सकता है।