शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर में एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, स्नातक में 35.31 और शिक्षक निर्वाचन में 52.71 प्रतिशत मतदान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर में एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, स्नातक में 35.31 और शिक्षक निर्वाचन में 52.71 प्रतिशत मतदान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

13 मतदान केंद्रों के 42 मतदेय स्थलों पर मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग, 27 अक्टूबर को मेरठ में होगी मतगणना

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 23 अक्टूबर 2026। विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के तहत गौतमबुद्धनगर जनपद में शुक्रवार को मतदान निष्पक्ष, सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। जनपद के 13 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 42 मतदेय स्थलों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया पूरी कराई गई। निर्वाचन के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए मतदान व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा।

शिक्षक निर्वाचन में स्नातक से अधिक रहा मतदान प्रतिशत

जनपद में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए कुल 25,858 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें स्नातक निर्वाचन के 12,754 और शिक्षक निर्वाचन के 13,104 मतदाता शामिल थे। मतदान के दौरान स्नातक निर्वाचन में 4,503 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि शिक्षक निर्वाचन में 6,907 मतदाताओं ने वोट डाले।

निर्वाचन के आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन में कुल 35.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि शिक्षक निर्वाचन में 52.71 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार जनपद में शिक्षक निर्वाचन का मतदान प्रतिशत स्नातक निर्वाचन की तुलना में अधिक रहा।

निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत पूरी हुई प्रक्रिया

प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रक्रिया संपन्न कराई गई। मतदान समाप्त होने के साथ ही जनपद में विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 का मतदान चरण पूरा हो गया।

27 अक्टूबर को मेरठ में होगी मतगणना

विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए मतगणना आगामी 27 अक्टूबर 2026 को मेरठ में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जाएगी। मतगणना की प्रक्रिया भी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न होगी।।