गौतमबुद्धनगर: नोएडा में पुलिस मुठभेड़ में मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी गोली लगने से घायल, 12 मोबाइल और चोरी की स्कूटी बरामद!!
सेक्टर-35 के गंदे नाले के पास चेकिंग के दौरान बदमाश ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; आरोपी पर पहले से आठ मुकदमे दर्ज
दो टूक//नोएडा, 23 अक्टूबर 2026। नोएडा के थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और मोबाइल स्नैचिंग व चोरी करने वाले एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक स्कूटी, चोरी व छीने गए 12 मोबाइल फोन और .315 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को थाना सेक्टर-24 नोएडा की टीम सेक्टर-35 स्थित गंदे नाले के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक संदिग्ध स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस ने स्कूटी सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय स्कूटी तेज गति से भगाने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूर आगे जाकर स्कूटी अनियंत्रित होकर नाले की दीवार से टकरा गई, जिससे सवार नीचे गिर गया।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान सोनू पुत्र सीताराम, निवासी ग्राम मोरना, थाना सेक्टर-24, नोएडा, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है।
चोरी की स्कूटी से करते थे मोबाइल स्नैचिंग और चोरी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। वह चोरी की स्कूटी पर सवार होकर राह चलते लोगों के मोबाइल फोन छीनने और मौका मिलने पर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उसके पास से बरामद पिट्ठू बैग में 12 मोबाइल फोन मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने चोरी व स्नैचिंग से संबंधित बताया है। इसके अलावा पुलिस ने हीरो होंडा मेस्ट्रो स्कूटी, जिसका पंजीकरण नंबर DL14SG4056 है, एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
आरोपी के खिलाफ आठ मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, सोनू के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग थानों में एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना बिसरख, सेक्टर-24, सेक्टर-49 और सेक्टर-58 में दर्ज मामले शामिल हैं। वर्ष 2021 से 2026 तक के इन मुकदमों में मादक पदार्थों से संबंधित मामले और अवैध हथियार रखने के आरोप भी शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और बरामद मोबाइल फोन व स्कूटी के संबंध में अन्य जानकारी जुटा रही है। बरामद मोबाइल फोन किन लोगों के हैं और वे किन घटनाओं से संबंधित हैं, इसकी जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।
