शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: दादरी में भाकियू का ट्रैक्टर मार्च, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; चुनाव सुधारों समेत कई मांगें उठाईं!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दादरी में भाकियू का ट्रैक्टर मार्च, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; चुनाव सुधारों समेत कई मांगें उठाईं!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

लुहारली टोल से नवीन मंडी तक निकला मार्च, सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे किसान; जाम के बीच पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई कहासुनी

दो टूक//दादरी, 23 अक्टूबर 2026। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने शुक्रवार को राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मुद्दों और चुनाव प्रक्रिया में सुधार की मांगों को लेकर दादरी में ट्रैक्टर मार्च निकाला। लुहारली टोल से शुरू हुआ मार्च दादरी की नवीन मंडी पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्च में सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान देशभक्ति गीतों और डीजे के बीच कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को उठाया और मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता का प्रदर्शन किया। मार्च के समापन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया।

भाकियू गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने संगठन का झंडा फहराकर ट्रैक्टर मार्च का शुभारंभ किया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत किसान लुहारली टोल से ट्रैक्टरों के काफिले के साथ दादरी नवीन मंडी की ओर रवाना हुए। मार्च को देखते हुए पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती की गई थी। बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के एक साथ सड़क पर उतरने के कारण दादरी में यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।

नवीन मंडी तक जाने पर अड़े कार्यकर्ता, पुलिस से हुई कहासुनी

मार्च के दौरान पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को देखते हुए रास्ते में ही ज्ञापन सौंपने का आग्रह किया। हालांकि, भाकियू कार्यकर्ता पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नवीन मंडी तक जाने की मांग पर अड़े रहे। इसे लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी भी हुई। इसके बाद मार्च नवीन मंडी पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया।

यहां भाकियू के दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम संबोधित ज्ञापन सहायक पुलिस आयुक्त प्रसाली गंगवार, दादरी थाना प्रभारी नीरज मिश्रा और तहसीलदार कृष्णा चौरसिया को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने चुनाव प्रक्रिया, निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति और चुनाव सुधारों सहित कई मुद्दों पर अपनी मांगें रखीं।

एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग

ज्ञापन में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया तत्काल रद्द करने की मांग की गई। संगठन ने दावा किया कि इस प्रक्रिया के तहत 13.41 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके विरुद्ध मुकदमा चलाने की मांग भी उठाई गई।

भाकियू ने वर्ष 2023 के मुख्य चुनाव आयुक्त एवं अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित अधिनियम में संशोधन करने की मांग करते हुए कहा कि चयन समिति में कैबिनेट मंत्री के स्थान पर भारत के मुख्य न्यायाधीश को शामिल किया जाना चाहिए। संगठन ने चुनाव व्यवस्था में सुधार के लिए आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली लागू करने, चुनावों में धनबल और बाहुबल पर रोक लगाने तथा चुनावों की सरकारी फंडिंग जैसे उपाय अपनाने की भी मांग की।

दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दमन का मुद्दा उठाया

ज्ञापन में दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों, विशेषकर महिला छात्राओं और पत्रकारों के साथ कथित दमन तथा यौन उत्पीड़न की घटनाओं पर भी आपत्ति जताई गई। संगठन ने इन आरोपों की तत्काल निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।

इसके अलावा, ‘हाउस अरेस्ट’ के नाम पर कार्यकर्ताओं के घरों में प्रवेश कर कथित रूप से की जा रही अवैध कार्रवाई का भी विरोध किया गया। भाकियू ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है और इसका सम्मान किया जाना चाहिए। संगठन ने ऐसी कार्रवाइयों को संवैधानिक अधिकारों के विरुद्ध बताते हुए प्रशासन से इस दिशा में उचित कदम उठाने की मांग की।

बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी रहे मौजूद

ट्रैक्टर मार्च में सिंहराज गुर्जर, नितिन भाटी, प्रमोद भाटी, रामकेश भाटी, धीरेंद्र भाटी टीनू, अनूप नागर, मनित नागर, अभिषेक कसाना, बलजीत भड़ाना बिन्टू, विपिन बिधूड़ी, सुमित शर्मा, चमन भाटी, विनोद अधाना, राजेश भाटी, जीतेन्द्र भाटी, विकास भाटी, विपिन तंवर, दीन मोहम्मद और आजाद सैफी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाकियू ने ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार और संबंधित संस्थाओं से उठाए गए मुद्दों पर विचार कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की।