शनिवार, 24 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: शाहपुर गोवर्धनपुर बांगर में बारातघर निर्माण का रास्ता साफ, छह करोड़ की परियोजना को मिली मंजूरी; ग्रामीणों ने सीईओ कृष्णा करुणेश का किया सम्मान!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: शाहपुर गोवर्धनपुर बांगर में बारातघर निर्माण का रास्ता साफ, छह करोड़ की परियोजना को मिली मंजूरी; ग्रामीणों ने सीईओ कृष्णा करुणेश का किया सम्मान!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। ग्राम शाहपुर गोवर्धनपुर बांगर में बारातघर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गांव में 3,000 वर्ग मीटर भूमि पर करीब छह करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से भव्य बारातघर बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश ने नियोजन प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की दिशा में हुई इस पहल से गांव में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि के लिए ग्रामीणों ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ का आभार व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया।

शनिवार को ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डीपी चौहान के नेतृत्व में ग्राम शाहपुर गोवर्धनपुर बांगर के निवासियों ने सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक कार्यालय पहुंचकर सीईओ कृष्णा करुणेश का स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें पुष्पगुच्छ, शॉल और भगवान श्रीराम की पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया।

लंबे समय से उठ रही थी बारातघर निर्माण की मांग

ग्राम विकास संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि शाहपुर गोवर्धनपुर बांगर के ग्रामीण लंबे समय से गांव में बारातघर निर्माण की मांग कर रहे थे। गांव में शादी-विवाह, पारिवारिक समारोहों और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए समुचित स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए ग्राम विकास संगठन के संयोजक डीपी चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों की ओर से विभिन्न माध्यमों से नोएडा प्राधिकरण के समक्ष मांग उठाई जाती रही है।

ग्रामीणों की आवश्यकता और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने इस दिशा में कदम बढ़ाया है। गांव में 3,000 वर्ग मीटर भूमि पर बारातघर निर्माण के लिए नियोजन प्रस्ताव को मंजूरी मिलने से ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।

छह करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनेगा भव्य बारातघर

प्रस्तावित परियोजना पर करीब छह करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्राधिकरण के अनुसार, बारातघर निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए निर्माण लागत का विस्तृत आकलन तैयार कराया जाएगा। इसके लिए समिति गठित करने की प्रक्रिया चल रही है। परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति दिलाने की कार्रवाई भी प्रचलित है। आगामी चरणों में निर्माण से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

नियोजन प्रस्ताव को मंजूरी मिलना परियोजना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होने से पहले संबंधित प्रक्रियाओं और आवश्यक स्वीकृतियों को पूरा किया जाना है।

शादी-विवाह और सामाजिक आयोजनों के लिए मिलेगी सुविधा

बारातघर का निर्माण होने से शाहपुर गोवर्धनपुर बांगर के ग्रामीणों को शादी-विवाह, पारिवारिक समारोहों, सामाजिक बैठकों और अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इससे ग्रामीणों को निजी स्थानों अथवा अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर निर्भर रहने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीण क्षेत्र में बुनियादी जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में इस परियोजना को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। बारातघर बनने से न केवल ग्रामीणों की सामाजिक जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी, बल्कि गांव में सामुदायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही ग्रामीणों को अपने सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रम सुविधाजनक तरीके से आयोजित करने का अवसर मिलेगा।
ग्राम विकास संगठन ने जताया आभार

इस अवसर पर ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डीपी चौहान, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान, सुल्तान चौहान, राजवीर चौहान, पंडित ज्ञान शर्मा, बिट्टू चौहान, मलके चौहान, पूर्ण प्रधान, गेंदा पंडित, महेश चौहान, आशीष तिवारी, सत्येंद्र चौधरी और राजकुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने बारातघर निर्माण के लिए नियोजन प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने पर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण से जुड़ी आगामी प्रक्रियाएं जल्द पूरी होंगी और गांव को इस महत्वपूर्ण जनसुविधा का लाभ मिलेगा।