रविवार, 25 अक्टूबर 2026

मऊ :घोसी में खूनी हमला: डंडे से पीटकर 60 वर्षीय महिला की हत्या,तीन घायल।Mau:Bloody attack in Ghosi: 60-year-old woman beaten to death with sticks, three injured.||

शेयर करें:
मऊ :
घोसी में खूनी हमला: डंडे से पीटकर 60 वर्षीय महिला की हत्या,तीन घायल।

।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के कस्बा खास में रविवार सुबह मारपीट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। सड़क पर पड़े बांस के डंडे से किए गए कथित हमले में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को डंडे समेत गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे राम अवतार सोनकर उर्फ अकलू सोनकर ने कथित तौर पर सड़क पर पड़े बांस के डंडे से अपने मोहल्ले के कुछ लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में गुलाबी देवी समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गुलाबी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपी को मौके से डंडे समेत गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है और मिर्गी की बीमारी से पीड़ित बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में चिकित्सकीय पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। एहतियातन घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।
रविवार सुबह हुई इस घटना से कस्बा खास में शोक और चिंता का माहौल है।
●क्षेत्रीय अधिकारी द्वारा दी जानकारी।