रविवार, 4 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-153 में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 1.12 किलो गांजे के साथ युवक गिरफ्तार; तस्करी में इस्तेमाल बाइक बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-153 में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 1.12 किलो गांजे के साथ युवक गिरफ्तार; तस्करी में इस्तेमाल बाइक बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 4 अक्टूबर। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 120 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

पुलिस के अनुसार, थाना नॉलेज पार्क पुलिस को स्थानीय खुफिया सूचना और गोपनीय जानकारी के आधार पर गांजा तस्करी करने वाले आरोपी के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-153 स्थित बिजली घर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 120 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ पुत्र अनिल कुमार सिंह, निवासी ग्राम सुल्तानपुर, थाना गाजीपुर, फतेहपुर, हाल निवासी भंगेल, थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक मामलों से संबंध सामने आया है। उसके खिलाफ थाना सूरजपुर, थाना सेक्टर-24 और थाना सेक्टर-49 में लूट, चोरी से संबंधित धाराओं, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 और 2024 में गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हुए हैं। इनमें थाना सूरजपुर में धारा 392/411, थाना सेक्टर-24 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे तथा थाना सेक्टर-49 में भी मामला दर्ज है।

वर्तमान मामले में थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने आरोपी सौरभ के खिलाफ मु0अ0सं0 260/2026, धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 120 ग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (रजि. नं. UP16DY276) बरामद की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।