रविवार, 4 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मेट्रो यात्रियों को बड़ी सौगात, सेक्टर-51 और 52 को जोड़ने वाले वातानुकूलित स्काईवॉक का लोकार्पण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मेट्रो यात्रियों को बड़ी सौगात, सेक्टर-51 और 52 को जोड़ने वाले वातानुकूलित स्काईवॉक का लोकार्पण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

36.90 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ 460 मीटर लंबा स्काईवॉक, रोजाना 75 से 80 हजार यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

दो टूक//नोएडा, 4 अक्टूबर 2026। नोएडा में मेट्रो यात्रियों की सुविधा और दोनों मेट्रो नेटवर्क के बीच बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सेक्टर-52 स्थित डीएमआरसी मेट्रो स्टेशन और सेक्टर-51 स्थित एनएमआरसी मेट्रो स्टेशन को जोड़ने वाले अत्याधुनिक स्काईवॉक का रविवार को लोकार्पण किया गया। स्काईवॉक का लोकार्पण नोएडा विधायक पंकज सिंह, गौतमबुद्धनगर सांसद के प्रतिनिधि संजय बाली एवं पूर्व राज्यमंत्री डॉ. महेश शर्मा द्वारा किया गया।

इस मौके पर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी, महाप्रबंधक एस.पी. सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक आर.के. शर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक (वि./यो.) रविंद्र सिंह के साथ एनएमआरसी, डीएमआरसी, आरडब्ल्यूए एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

36.90 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ स्काईवॉक

नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, इस अत्याधुनिक स्काईवॉक के निर्माण पर करीब 36.90 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसकी लंबाई 460 मीटर तथा चौड़ाई 6.50 मीटर है। स्काईवॉक को पूरी तरह वातानुकूलित बनाया गया है, जिससे यात्रियों को गर्मी, धूप और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी आरामदायक आवागमन की सुविधा मिलेगी।

सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशनों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह स्काईवॉक बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके शुरू होने से दोनों मेट्रो स्टेशनों के बीच पैदल आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक हो गया है।

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का रखा गया विशेष ध्यान

स्काईवॉक में यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए 10 ट्रैवलटर लगाए गए हैं। इसके अलावा आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन उपकरण और 5 अग्निशमन दरवाजे लगाए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे स्काईवॉक में 36 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए 500 केवीए का डीजी सेट भी स्थापित किया गया है, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी आवश्यक व्यवस्थाएं संचालित की जा सकें।

रोजाना 75 से 80 हजार यात्रियों को मिलेगा लाभ

नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक, स्काईवॉक के निर्माण से प्रतिदिन करीब 75 हजार से 80 हजार मेट्रो यात्रियों को सीधा लाभ मिल रहा है। खासतौर पर सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशनों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सड़क पार करने और खुले रास्ते से पैदल जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।

स्काईवॉक के शुरू होने से दोनों मेट्रो स्टेशनों के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होने के साथ ही यात्रियों के समय की भी बचत होगी। साथ ही सुरक्षित और व्यवस्थित पैदल आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।

नोएडा प्राधिकरण की ओर से इसे शहर में आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और मेट्रो यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम बताया गया है।।