रविवार, 4 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: महादेव अपार्टमेंट में फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 100 से अधिक महिलाओं और बच्चों को मिला विशेषज्ञ परामर्श!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: महादेव अपार्टमेंट में फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 100 से अधिक महिलाओं और बच्चों को मिला विशेषज्ञ परामर्श!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, सेक्टर-73। महादेव अपार्टमेंट में रविवार को फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन की ओर से एक दिवसीय निःशुल्क महिला स्वास्थ्य एवं सेरेब्रल पाल्सी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक महिलाओं, बच्चों और अभिभावकों ने पहुंचकर विशेषज्ञों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के अभिभावकों को सही थेरेपी, देखभाल और होम प्रोटोकॉल की जानकारी देना रहा।

शिविर में फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के संस्थापक एवं वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. महिपाल सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव और सीईओ डॉ. सुष्मिता भाटी ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। विशेषज्ञों ने महिलाओं को पोस्चर करेक्शन, कमर दर्द, शारीरिक स्वास्थ्य तथा पीरियड्स के दौरान आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल के बारे में जागरूक किया। साथ ही, सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों के माता-पिता को बच्चों की नियमित थेरेपी, घर पर किए जाने वाले अभ्यास और सही समय पर उपचार शुरू करने के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया।

शिविर के दौरान अभिभावकों को बताया गया कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के विकास में नियमित थेरेपी के साथ-साथ परिवार की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण होती है। विशेषज्ञों ने बच्चों के लिए घर पर अपनाए जाने वाले होम प्रोटोकॉल को लेकर भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में देहरादून की प्रसिद्ध संस्था ‘विंसम स्टेप्स’ की डायरेक्टर श्रीमती पूनम मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के अभिभावकों से संवाद करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयास करते रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर फिजियोथेरेपिस्ट अभिनव प्रताप सिंह, स्पेशल एजुकेटर इलिका रावत, एडमिन हेड कृष्णा यादव सहित फाउंडेशन की पूरी टीम ने शिविर को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया। शिविर में पहुंचे लोगों ने फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम समाज के लिए बेहद उपयोगी हैं।

डॉ. महिपाल सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही कई गंभीर समस्याओं से बचाव का पहला कदम है। फाउंडेशन का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं और सही जानकारी को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था की ओर से ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।