गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-126 पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे, चोरी की पल्सर समेत तमंचा-कारतूस और चाकू बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-126 पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे, चोरी की पल्सर समेत तमंचा-कारतूस और चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-126 थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल, .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 को सेक्टर-126 थाना पुलिस ने स्थानीय खुफिया जानकारी और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-94, नोएडा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार पुत्र प्रदीप कुमार (23 वर्ष) निवासी ग्राम शहजादपुर कनैनी, थाना खुर्जा, बुलंदशहर और योगेश पुत्र जोगेंद्र (20 वर्ष) निवासी ग्राम बैर, थाना खुर्जा, बुलंदशहर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल संख्या HR31Q7433, अरुण कुमार के पास से .315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस, जबकि योगेश के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अरुण कुमार के खिलाफ थाना सेक्टर-126 नोएडा में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज है। इसके अलावा थाना ककोड़, बुलंदशहर में उसके खिलाफ चोरी, बरामदगी, आर्म्स एक्ट और उत्तर प्रदेश गैंगस्टर/समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं।

वहीं योगेश के खिलाफ भी थाना सेक्टर-126 नोएडा में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा थाना ककोड़, बुलंदशहर में आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला दर्ज है।

सेक्टर-126 पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।।