लखनऊ :
लग्जरी जिंदगी से जेल की बैरक तक पहुंची मॉडल श्रद्धा दुबे, अब जांच के घेरे में फरारी के 11 दिन।।
शिव शर्मा हत्याकांड में जेल में बंद श्रद्धा और रश्मि दुबे की मुश्किलें बरकरार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र मे कारोबारी शिव शर्मा हत्याकांड मामले में पुलिस की किरकिरी होने के बाद एसटीएफ ने मॉडलिंग दुनिया में पॉव जमाने वाली महंगे होटलों और हाईप्रोफाइल लाइफस्टाइल को लेकर चर्चा में रहने वाली श्रद्धा दुबे को 11 दिन बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लग्जरी जिंदगी से श्रद्धा दुबे अब जेल की निर्धारित दिनचर्या के बीच गुजर रही है।
विस्तार :
लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिव शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे ,अपनी बहन और चालक के साथ गोसाईंगंज जिला जेल में बंद है। शुरुआती दौर में अलग बैरक में रखे जाने के बाद अब उसे सामान्य महिला बंदियों के साथ रखा जा रहा है। उधर, पुलिस की जांच का दायरा भी बढ़ रहा है और अब सवाल सिर्फ घटना तक सीमित नहीं, बल्कि गिरफ्तारी से पहले के उन 11 दिनों पर भी टिके हैं, जब श्रद्धा पुलिस की पकड़ से बाहर रही और न्यूज एजेंसियों को इण्टर-ब्यू देकर अपनी सफाई दे रही थी।
● चर्चित मौत के बाद शुरू हुई थी तलाश।।
बताते चले कि- बीते नौ अक्टूबर को हजरतगंज क्षेत्र स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर अलीगंज निवासी 28 वर्षीय कारोबारी शिव शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक की मां रंजना शर्मा की तहरीर पर रश्मि दुबे, श्रद्धा दुबे, चालक दानिश और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। श्रद्धा की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गईं, लेकिन वह लगातार 11 दिनों तक पुलिस की पहुंच से बाहर रही।
नागपुर में गिरफ्तारी, अब जेल में कट रही दिनचर्या
जांच के दौरान श्रद्धा के अलग-अलग स्थानों पर पहुंचने की जानकारियां सामने आईं। आगरा के एक होटल के सीसीटीवी फुटेज का भी जिक्र हुआ। आखिरकार उत्तर प्रदेश एसटीएफ और लखनऊ पुलिस ने उसे नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। लखनऊ लाए जाने के बाद हजरतगंज कोतवाली में पूछताछ की गई और फिर न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में उसकी बहन रश्मि दुबे भी जेल में बंद है।
अब फरारी के दौरान संपर्कों की पड़ताल
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान श्रद्धा कहां-कहां रुकी, किन लोगों के संपर्क में रही और क्या किसी ने उसे छिपने या पुलिस से बचने में मदद की थी। इस सिलसिले में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, किसने और किस स्तर पर मदद की, इसका अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
जेल के नियमों के मुताबिक मिल रहा भोजन
जेल सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा को अन्य महिला बंदियों की तरह निर्धारित नियमों के अनुसार भोजन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सुबह चाय और दलिया, जबकि दोपहर तथा रात में दाल, रोटी, चावल और मौसमी सब्जियां जेल की सामान्य भोजन व्यवस्था का हिस्सा हैं। हाईप्रोफाइल जीवनशैली से चर्चा में रही श्रद्धा की मौजूदा दिनचर्या अब जेल के तय नियमों और सीमित सुविधाओं के दायरे में है। फिलहाल, उससे मुलाकात के लिए किसी करीबी के पहुंचने की जानकारी भी सामने नहीं आई है।
जमानत पर राहत नहीं, जांच जारी
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, श्रद्धा दुबे की जमानत अर्जी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) अदालत से खारिज हो चुकी है। रश्मि दुबे और चालक की जमानत अर्जियों पर भी राहत नहीं मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले में आरोपों और फरारी के दौरान कथित मदद से जुड़े पहलुओं की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी बाकी है।
फिलहाल, शिव शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला कई अनुत्तरित सवालों के साथ आगे बढ़ रहा है। एक ओर दोनों बहनें जेल में हैं, तो दूसरी ओर पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, संपर्कों और फरारी के घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अब देखना होगा कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्य इस चर्चित मामले की तस्वीर को किस दिशा में ले जाते हैं।
