रविवार, 25 अक्टूबर 2026

लखनऊ :शिवाय सेवा समिति ने दसवे स्थापना दिवस पर 11 उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित।||Lucknow:Shivay Seva Samiti honored 11 outstanding teachers on its tenth foundation day.||

शेयर करें:
लखनऊ :
शिवाय सेवा समिति ने दसवे स्थापना दिवस पर 11 उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित।।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के मऊ गांव स्थित बंशी बाबा मंदिर परिसर में शुक्रवार को शिवाय सेवा समिति का 10 वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 11 शिक्षकों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षकों के योगदान को समाज और राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला बताया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चेयरमैन प्रतिनिधि अजय पांडेय, प्रधान संघ अध्यक्ष देवेंद्र सिंह और समिति अध्यक्ष आशीष चतुर्वेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने के साथ ही उनके चरित्र निर्माण, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करते हैं। शिक्षा के माध्यम से एक बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। ऐसे में शिक्षकों का सम्मान करना समाज के प्रति उनके योगदान को स्वीकार करना है।
समारोह के दौरान समिति के कर्मठ सदस्य पंकज गुप्ता और प्रताप कश्यप को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समिति अध्यक्ष आशीष चतुर्वेदी ने बताया कि शिवाय सेवा समिति का गठन वर्ष 2016 में हुआ था। स्थापना के बाद से ही समिति सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के उपाध्यक्ष राहुल मिश्रा, महामंत्री पांशुल तिवारी, उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला, सचिव रंजीत यादव, मीडिया प्रभारी विनीत कुमार और उपसचिव अनुज गुप्ता सहित सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान प्रदीप गुप्ता, समाजसेवी अरुणेश प्रताप सिंह, एडवोकेट शिव अटल सिंह, पत्रकार अनुपम मिश्रा, सभासद हिमांशु तिवारी, आशीष द्विवेदी, आशीष तिवारी, भाजपा नेता मनीष तिवारी, प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक दीक्षित सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।