लखनऊ :
फीस पूरी, फिर भी 10 हजार का फाइन! परीक्षा से रोकी छात्रा,हाईवे पर उतरे छात्र,आधे घंटे रहा जाम।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज के कनकहा स्थित जावित्री इंस्टीट्यूट में 10 हजार रुपये का फाइन जमा न करने पर एएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा को परीक्षा में बैठने से रोकने का मामला तूल पकड़ गया। कॉलेज प्रशासन की कार्रवाई से नाराज छात्रा और उसके परिजनों ने गुरुवार को कॉलेज गेट पर हंगामा किया। छात्रा के समर्थन में दर्जनों छात्र भी सड़क पर उतर आए और रायबरेली हाईवे की एक पटरी जाम कर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विस्तार :
रायबरेली के हरचंदपुर क्षेत्र के पहरावां गांव निवासी शालिनी यादव कनकहा स्थित निजी नर्सिंग कॉलेज में एएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा है। छात्रा के मुताबिक उसके पिता नहीं हैं और मां मेहनत-मजदूरी कर उसकी पढ़ाई का खर्च उठाती हैं। आरोप है कि कॉलेज की पूरी फीस जमा होने के बावजूद 10 हजार रुपये का फाइन जमा न कर पाने पर उसे 22 सितंबर को परीक्षा में बैठने से रोक दिया गया। छात्रा ने प्रिंसिपल समेत कॉलेज के जिम्मेदार अधिकारियों से परीक्षा में बैठने देने की गुहार लगाई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
●10 हजार के फाइन पर अड़ी कॉलेज की मनमानी, परीक्षा से रोकी छात्रा तो हाईवे पर हंगा।
कई दिनों तक सुनवाई न होने से नाराज छात्रा गुरुवार को परिजनों के साथ कॉलेज पहुंची और गेट पर हंगामा शुरू कर दिया। छात्रा की परेशानी की जानकारी मिलने पर कॉलेज के दर्जनों छात्र उसके समर्थन में उतर आए। देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों ने रायबरेली हाईवे की एक पटरी जाम कर दी और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन से हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह और एसीपी आर.के. सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने छात्रा और उसके परिजनों को समझाकर शिकायत का समाधान कराने का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम खुल सका। प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने बताया कि कॉलेज प्रशासन से बातचीत कर छात्रा की शिकायत का समाधान कराने की हरसंभव कोशिश की जा रही है।
●प्रदर्शनकारी छात्रा ने मीडिया साझा किया अपना दर्द।
