लखनऊ :
न्यू गुड़ौरा मानसरोवर की जर्जर सड़कों पर कब लगेगा मरम्मत का मरहम।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के न्यू गुड़ौरा मानसरोवर योजना, एलडीए कॉलोनी सेक्टर-ओ, कानपुर रोड की जर्जर सड़कों को लेकर अब जनहित की आवाज नगर निगम तक पहुंच गई है। भारतीय पत्रकार एवं मानवाधिकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता जितेन्द्र बहादुर सिंह ने नगर आयुक्त, नगर निगम लखनऊ को पत्र भेजकर बदहाल सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कराने और शीघ्र मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की मांग की है।
विस्तार :
राजधानी लखनऊ के शहीद पथ के निकट और पेट्रोल पंप के पीछे स्थित न्यू गुड़ौरा मानसरोवर योजना के अंदरूनी मार्ग लंबे समय से बदहाल हैं। सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और टूट-फूट के चलते स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
भारतीय पत्रकार एवं मानवाधिकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि एलडीए के द्वारा बसाई गई मानसरोवर योजना के कालोनी मे योजना लांचिंग के समय बनी सड़के गड्डे मे बदल गई है। पार्षद, विधायक,सांसद समेत एलडीए कालोनी वासियों की समस्याओं की सुधि लेना भूल गया है मजबूर पत्र के माध्यम से बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों की परेशानी को प्रमुखता से उठाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रमुख मार्गों के आसपास तेजी से विकास होने के बावजूद कॉलोनी के अंदरूनी रास्तों की हालत बदतर बनी हुई है। क्षेत्र में अस्पताल, होटल और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे इन मार्गों पर आवागमन भी लगातार बढ़ रहा है।
जितेन्द्र बहादुर सिंह ने नगर आयुक्त से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर सड़कों की वास्तविक स्थिति का आकलन कराया जाए और जरूरत के अनुसार मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण का कार्य तत्काल शुरू कराया जाए। साथ ही कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी निगरानी की मांग की गई है।
पत्र भेजे जाने के बाद अब क्षेत्रवासियों की निगाह नगर निगम प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। लोगों को उम्मीद है कि मामला महज कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहकर स्थलीय निरीक्षण, कार्ययोजना और सड़क सुधार का काम धरातल पर दिखाई देगा।
जितेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत नागरिक सुविधा को लेकर संबंधित विभाग को समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
