शनिवार, 26 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: UPITS-2026 में छाया हुनर का जादू, ‘आओ करके सीखें’ ने दर्शकों को बनाया कौशल का हिस्सा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: UPITS-2026 में छाया हुनर का जादू, ‘आओ करके सीखें’ ने दर्शकों को बनाया कौशल का हिस्सा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

UPSDM पवेलियन में 16 कौशलों का लाइव डेमो, पॉटरी से चिकनकारी तक लोगों ने खुद आजमाए हुनर के गुर

‘स्किल मंच’ पर युवाओं ने गायकी और फाइन आर्ट्स से बिखेरा प्रतिभा का रंग, कौशल और करियर की संभावनाओं से हुए रूबरू

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 26 सितंबर। उत्तर प्रदेश की कला, कारीगरी और कौशल को वैश्विक मंच प्रदान कर रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (UPITS) में हुनर और प्रतिभा का शानदार संगम देखने को मिल रहा है। ट्रेड शो के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) के पवेलियन में ‘आओ करके सीखें’ थीम ने दर्शकों का खासा ध्यान आकर्षित किया। यहां विजिटर्स ने केवल अलग-अलग कौशलों का प्रदर्शन देखा ही नहीं, बल्कि खुद हाथ आजमाकर हुनर सीखने का अनुभव भी लिया।

UPSDM पवेलियन में 16 अलग-अलग कौशलों के लाइव डेमो और इंटरैक्टिव गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। पारंपरिक कारीगरी से लेकर आधुनिक कौशल तक, प्रत्येक स्टॉल पर दर्शकों को कुछ नया देखने और सीखने का अवसर मिल रहा है। पवेलियन में पहुंचने वाले लोगों के लिए कौशल को करीब से समझने और उसे स्वयं करके देखने का अनुभव खास आकर्षण बना हुआ है।

पॉटरी और टेराकोटा स्टॉल पर लोगों ने मिट्टी को आकार देकर आकर्षक कलाकृतियां बनाने का प्रयास किया। वहीं चिकनकारी स्टॉल पर विजिटर्स ने सूई-धागे की बारीक कारीगरी को करीब से समझा और स्वयं हाथ आजमाकर इस पारंपरिक हुनर का अनुभव लिया। लाइव डेमो के दौरान प्रशिक्षकों ने लोगों को विभिन्न कौशलों की बारीकियां भी समझाईं।

पवेलियन की खासियत यह रही कि यहां कौशल को सिर्फ दिखाने के बजाय ‘देखिए, समझिए और खुद करके सीखिए’ की अवधारणा को साकार किया गया। DIY गतिविधियों के जरिए बच्चों, युवाओं और अन्य दर्शकों को अलग-अलग कौशलों में स्वयं भाग लेने का मौका मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने इन गतिविधियों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया और हुनर को नजदीक से महसूस किया।

‘स्किल मंच’ पर युवाओं की प्रतिभा ने मोहा मन

UPSDM पवेलियन में बनाया गया ‘स्किल मंच’ भी युवाओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा। दूसरे दिन मंच पर युवाओं ने गायकी से लेकर फाइन आर्ट्स तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। किसी ने अपनी आवाज से दर्शकों का मन जीता तो किसी ने रंगों और रचनात्मकता के जरिए अपनी कल्पना को जीवंत रूप दिया।

‘हुनर’ थीम पर आयोजित फाइन आर्ट्स गतिविधियों में युवाओं ने अपनी रचनात्मक सोच को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। वहीं गायकी की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। पहली बार शुरू किए गए ‘स्किल मंच’ का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही कौशल, करियर और रचनात्मकता की संभावनाओं से जोड़ना है।

UPITS-2026 में UPSDM पवेलियन यह संदेश प्रभावी ढंग से दे रहा है कि कौशल केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, रचनात्मकता और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव भी है। ‘आओ करके सीखें’ की पहल के जरिए ट्रेड शो में आने वाले दर्शकों को उत्तर प्रदेश के पारंपरिक और आधुनिक हुनर को करीब से जानने तथा उसका प्रत्यक्ष अनुभव लेने का अवसर मिल रहा है।।