शनिवार, 5 सितंबर 2026

उन्नाव :आधी रात गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो’, कृष्ण भक्ति में डूबी उन्नाव पुलिस लाइन।।Unnao:"Nand ​​ke ghar bhaiyo" (There is joy in Nand's house) echoed at midnight, and the Unnao police line was immersed in devotion to Krishna.||

शेयर करें:
उन्नाव :
आधी रात गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो’, कृष्ण भक्ति में डूबी उन्नाव पुलिस लाइन।।
दो टूक : उन्नाव रिजर्व पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। विद्युत सज्जा, भव्य झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच देर रात तक भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और भक्ति गीतों की धूम रही। रात्रि 12 बजे लड्डू गोपाल के जन्म के साथ पूरा पुलिस लाइन परिसर ‘राधे-कृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा।
विस्तार :
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। एसएसपी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद उपजिलाधिकारी सदर राजेश विश्वकर्मा की गीत प्रस्तुति ने समां बांध दिया।
साई डांस एकेडमी, द सोल ऑफ डांस एकेडमी और राइजिंग डांस एकेडमी के कलाकारों के साथ पुलिस परिवार के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों और बाल लीलाओं पर आधारित मनोहारी नृत्य प्रस्तुत किए। आकर्षक वेशभूषा और भावपूर्ण अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुतियों के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट और कृष्ण भक्ति के जयघोष से पूरा परिसर गूंजता रहा।
कार्यक्रम के दौरान वामा सारथी की जनपदीय अध्यक्षा नीतू सिंह और एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आयोजन में सहयोग करने वाले पुलिसकर्मियों और अन्य सहयोगियों की भी सराहना की गई।
मंचीय कार्यक्रम के बाद पुलिस लाइन स्थित मंदिर में एसएसपी जय प्रकाश सिंह और उनकी सहधर्मिणी नीतू सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीकृष्ण का विधि-विधान से पूजन किया। रात्रि 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर लड्डू गोपाल का अभिषेक, जन्मोत्सव और झूला झुलाने की परंपरा निभाई गई। भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में पुलिस परिवार और आयोजन से जुड़े कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।