14 सितंबर को गरजेंगे किसान: गौतमबुद्ध नगर के तीनों प्राधिकरणों पर एक साथ महापंचायत, राकेश टिकैत के नेतृत्व में आर-पार की लड़ाई का ऐलान!!
दो टूक//नोएडा/ग्रेटर नोएडा। किसानों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने गौतमबुद्ध नगर के तीनों प्राधिकरणों के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं किसान नेता चौधरी राकेश टिकैत ने मथुरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आगामी 14 सितंबर 2026, सोमवार को नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण पर एक साथ महापंचायत करने की घोषणा की है।
महापंचायत के ऐलान के बाद गौतमबुद्ध नगर में किसान आंदोलन को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। संगठन के मुताबिक, 14 सितंबर को तीनों प्राधिकरणों के कार्यालयों पर एक साथ किसानों की महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसके बाद किसानों की मांगों के समाधान तक संबंधित प्राधिकरण क्षेत्रों में लगातार धरना-प्रदर्शन और संघर्ष जारी रखने की रणनीति बनाई गई है।
भारतीय किसान यूनियन के अनुसार, चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण से जुड़े किसान अपने-अपने क्षेत्र के प्राधिकरण पर आंदोलन करेंगे। तीनों क्षेत्रों के जिलाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में किसानों को एकजुट करने और महापंचायत को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन का कहना है कि किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान को लेकर प्राधिकरणों के समक्ष लगातार आवाज उठाई जाती रही है। अब किसानों ने इन मांगों के समाधान के लिए आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाने का निर्णय लिया है।
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने किसानों से 14 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचने की अपील की है। संगठन का स्पष्ट संदेश है कि किसानों की समस्याओं का समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
सुनील प्रधान, जिला मीडिया प्रभारी, भारतीय किसान यूनियन गौतमबुद्ध नगर ने बताया कि 14 सितंबर की महापंचायत को लेकर किसानों के बीच जनसंपर्क अभियान तेज किया जा रहा है और बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की उम्मीद है।
