शनिवार, 5 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: जन्माष्टमी को लेकर पुलिस अलर्ट: मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जन्माष्टमी को लेकर पुलिस अलर्ट: मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों ने मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में डीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री शैलेंद्र कुमार सिंह एवं एडीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री स्वतंत्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में एसीपी-2 सेंट्रल नोएडा श्री कमलेश कांत ने थाना बिसरख क्षेत्रांतर्गत विभिन्न मंदिरों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसरों एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसीपी-2 ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन्माष्टमी के दौरान मंदिरों में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मंदिरों के आसपास लगातार पुलिस गश्त रखी जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों को बैरिकेडिंग लगाकर चेक किया जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही क्षेत्र में तैनात पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था अथवा संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस की सक्रियता और लगातार गश्त से मंदिरों एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मना सकें।