मऊ :
पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव,सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधी समां।।
बच्चों को पुरस्कार देकर किया उत्साहवर्धन।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 4 सितंबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन मऊ के प्रांगण में वृहद सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। इसके साथ ही जनपद के सभी थानों पर भी जन्माष्टमी का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं श्रद्धा के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया।
पुलिस लाइन में आयोजित सांस्कृतिक समारोह में जनपद के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के बच्चों, पुलिस परिवार के बच्चों, पुलिस लाइन मऊ एवं महिला आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान कुल 21 मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गईं। अमृत पब्लिक स्कूल, राज इंटर कॉलेज बकवल मऊ, जयपुरिया स्कूल डुमरांव, किट्स केयर स्कूल एवं कल्पनाथ राय इंटरनेशनल स्कूल मऊ सहित विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कन्हैया का जीवन जन्म से लेकर अंत तक कठिन संघर्षों, कष्टों और चुनौतियों से भरा रहा। उनके जीवन से हमें निर्भीक रहने, निरबैर रहने तथा मानव जाति सहित सभी प्राणियों से प्रेम करने की सीख मिलती है। उन्होंने स्वच्छता को भी जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर, क्षेत्राधिकारीगण, विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण, पुलिस परिवार के सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, जनपद के सभी थानों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्वक मनाया गया। मंदिरों एवं थाना परिसरों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की।
