सुलतानपुर :
पुलिसकर्मियों की फिटनेस को मिला अत्याधुनिक जिम का तोहफा।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद में पुलिस कर्मियों को फिट और तनावमुक्त रखने की दिशा में सुलतानपुर पुलिस ने बड़ी पहल की है। पुलिस लाइन्स परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक एवं वातानुकूलित जिम का गुरुवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और वामा सारथी पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा डॉ. तन्वी जायसवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया।
आधुनिक उपकरणों से लैस है जिम
उद्घाटन के बाद एसपी विनीत जायसवाल और डॉ. तन्वी जायसवाल ने जिम का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध अत्याधुनिक फिटनेस उपकरणों की जानकारी ली। जिम में पुलिसकर्मियों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए चेस्ट प्रेस मशीन, लेग कर्ल/लेग एक्सटेंशन, पुल डाउन मशीन, मल्टी फंक्शन स्टेशन, ट्रेडमिल, क्रॉस ट्रेनर और हाइपर एक्सटेंशन सहित कई आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं।
24 घंटे उपलब्ध रहेगी जिम की सुविधा
पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की प्रकृति को देखते हुए जिम को वातानुकूलित बनाने के साथ ही प्रशिक्षित जिम ट्रेनर की व्यवस्था की गई है। खास बात यह है कि जिम को 24 घंटे पुलिसकर्मियों के लिए खुला रखा जाएगा, जिससे कर्मचारी अपनी ड्यूटी के समय के अनुसार सुविधानुसार व्यायाम कर सकेंगे।
फिट पुलिस बल से बढ़ेगी कार्यक्षमता
इस अवसर पर एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी जिम्मेदारियों और चुनौतियों से भरी होती है। ऐसे में पुलिसकर्मियों का शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत रहना बेहद जरूरी है। नियमित व्यायाम तनाव कम करने के साथ ऊर्जा, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि जिम की सुविधा शुरू करने का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रोत्साहित करना है। यह पहल ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की भावना के अनुरूप पुलिस बल को स्वस्थ, सक्रिय और अधिक कार्यक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उद्घाटन कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण मिश्रा, क्षेत्राधिकारी लाइन रामकृष्ण चतुर्वेदी, प्रतिसार निरीक्षक समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
