गुरुवार, 17 सितंबर 2026

लखनऊ :नहर किनारे खून से लथपथ मिली महिला,गला रेतकर बेरहमी से हत्या,संघर्ष के मिले निशान।||Lucknow:A woman was found lying in a pool of blood on the bank of a canal. She had been brutally murdered by slitting her throat. Signs of a struggle were found.||

शेयर करें:
लखनऊ :
नहर किनारे खून से लथपथ मिली महिला,गला रेतकर बेरहमी से हत्या,संघर्ष के मिले निशान।
दो टूक : लखनऊ के थाना काकोरी क्षेत्र मे रहने वाली एक महिला रात में पति के साथ खाया खाना, आधी रात बिस्तर से गायब हुई महिला; सुबह नहर पटरी पर मिला शव, घटनास्थल पर संघर्ष के निशान से सनसनी।
विस्तार
लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के ग्राम गौहरामऊ में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आम के बाग के पास नहर की पटरी पर एक महिला का शव पड़ा मिला। महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की पहचान गांव निवासी प्रेमा उर्फ प्रेमावती पत्नी प्रदीप यादव के रूप में हुई है। घटनास्थल पर मिले संघर्ष के निशान ने वारदात को और गंभीर बना दिया है।
गुरुवार सुबह करीब 7:25 बजे ग्रामीणों ने गौहरामऊ गांव के बाहर आम के बाग के बगल नहर की पटरी पर महिला का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराते हुए मृतका की पहचान प्रेमावती के रूप में की।
घटनास्थल के हालात देखकर प्रथम दृष्टया महिला की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मौके पर संघर्ष के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया। टीम ने मौके पर छानबीन कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
रात में पति के साथ खाना खाया, आधी रात बिस्तर से गायब।
पुलिस जांच में सामने आया कि बुधवार रात प्रेमावती ने अपने वर्तमान पति प्रदीप यादव के साथ करीब 10 बजे खाना खाया था। इसके बाद दोनों सो गए। रात करीब 12 बजे प्रदीप की आंख खुली तो प्रेमावती बिस्तर पर नहीं थी। उसने आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद गुरुवार सुबह नहर किनारे उसका शव मिलने से पूरे मामले ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया।
●करीब 8-10 महीने पहले की थी कोर्ट मैरिज।
पुलिस के मुताबिक प्रेमावती ने करीब 8 से 10 महीने पहले प्रदीप यादव के साथ कोर्ट मैरिज की थी। दोनों के बीच पहले से करीब तीन साल से संबंध बताए जा रहे हैं। प्रदीप मजदूरी करता है।
वहीं, प्रेमावती की इससे पहले करीब 18 वर्ष पूर्व सेमरामऊ निवासी राजू यादव से शादी हुई थी। इस शादी से उसका करीब 17 वर्षीय बेटा है। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद दोनों अलग हो गए थे और बेटा अपने पिता के साथ रहता है।
●हत्या की वजह बनी पहेली, पुलिस खंगाल रही हर एंगल।
नहर किनारे महिला का शव मिलने और शरीर पर संघर्ष के निशान पाए जाने के बाद पुलिस हत्या की वजह तलाशने में जुट गई है। आखिर आधी रात प्रेमावती घर से निकलकर नहर किनारे कैसे पहुंची और उसके साथ किसने यह खौफनाक वारदात की—इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल और महिला से जुड़े तमाम पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
 पुलिस का कहना है कि शव की शिनाख्त के बाद विधिक कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।