गुरुवार, 17 सितंबर 2026

गोण्डा- गणेश पूजा तथा नवरात्रि/दुर्गापूजा को लेकर डीएम व एसपी ने की सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक, आयोजन के दृष्टिगत जनपद में सोशल मीडिया एवं फर्जी अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस व प्रशासन की रहेगी कड़ी नजर

शेयर करें:
गोण्डा- आगामी आयोजित होने वाले गणेश पूजा तथा नवरात्रि/दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है। जहां लोग त्योहार को लेकर उत्साहित हैं वहीं पुलिस और प्रशासन ने भी कमर कस ली है। इसी के तहत त्योहार पर शांति व्यवस्था व आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की मीटिंग की गई। यह बैठक जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, अपर पुलिस अधीक्षक तथा समस्त उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी और सभी थानाध्यक्ष, सभी धर्मों के धर्मगुरू और सम्भ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद सभी धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ संवाद करते हुए उन्हें आगामी गणेश पूजा तथा नवरात्रि दुर्गा पूजा को हर्षोल्लास के साथ मनाने और किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचाने के बारे में अवगत कराया गया। 
बैठक में पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि यदि कोई भी व्यक्ति धार्मिक भावनाएं भड़काने या दुष्प्रचार करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। सभी लोगों से अपील करते हुए उन्हें बताया गया कि वह किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे और सभी लोग त्योहार को शांति पूर्व ढंग से मना सके।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि युवा या अन्य कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर इस प्रकार की पोस्ट ना करें जिससे कि आपसी माहौल बिगड़े।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि जनपद में आयोजन के दौरान कोई भी पंडाल हाई टेंशन विद्युत तार के पास नहीं होना चाहिए तथा रेलवे क्रॉसिंग के पास पंडाल नहीं होना चाहिए। सभी पंडाल स्थलों, विसर्जन स्थलों तथा मार्गों का एसडीएम, सीओ तथा एसएचओ स्वयं भ्रमण करके व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। सभी मूर्ति विसर्जन घाट पर लाइट की व्यवस्था, पार्किंग की व्यवस्था, गोताखोर की व्यवस्था, साफ सफाई सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं कराना सुनिश्चित किया जाए। 
सभी क्षेत्रों के थानाध्यक्ष डीजे संचालकों से सम्पर्क करके ध्वनि की गति को सामान्य रूप से रखने के संबंध में बता दिया जाय।
बैठक में समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, समस्त थानाध्यक्ष, सभी धर्मों के धर्मगुरु सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।