मऊ :
हनुमान घाट पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, 1500 किलो से अधिक कचरा हटाया।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत मऊ में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान की शुरुआत की गई। नगर पालिका परिषद मऊ के प्रांगण में अभियान का शुभारंभ करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
विस्तार :
नगर पालिका परिषद मऊ एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में हनुमान घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में नगर पालिका के सफाई कर्मियों और जिला गंगा समिति के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान घाट परिसर से 1500 किलोग्राम से अधिक कचरा एकत्र कर हटाया गया।
अभियान के दौरान अधिशासी अधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और मौजूद नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। वहीं घाट पर मौजूद दुकानदारों से अपनी दुकानों पर गार्बेज बॉक्स रखने तथा ग्राहकों को भी कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने और स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ मऊ का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में विनोद कुमार गुप्ता, सत्य प्रकाश, डॉ. हेमंत कुमार यादव सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, सफाई कर्मी एवं जिला गंगा समिति के सदस्य मौजूद रहे।
