लखनऊ :
माल में सड़क किनारे मिला 60 वर्षीय व्यक्ति का शव, मानसिक बीमारी से थे परेशान ।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना माल क्षेत्र के वाजिद नगर रोड किनारे गुरुवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराते हुए मामले में आवश्यक कार्रवाई की।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को वाजिद नगर रोड के किनारे एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की तो मृतक की पहचान रामलाल पुत्र दौलत, उम्र करीब 60 वर्ष, निवासी विभूति खेड़ा, थाना माल, कमिश्नरेट लखनऊ के रूप में हुई। मृतक की पहचान उनके पुत्र अशर्फीलाल और गुड्डू लाल ने की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रामलाल काफी समय से मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे और उनका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता था। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने के संबंध में अपनी इच्छा से लिखित प्रार्थना पत्र पुलिस को दिया।
पुलिस ने प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को नियमानुसार परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
