सोमवार, 28 सितंबर 2026

प्रयागराज :STF ने करोड़ की कोडीन कफ सिरप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार।||Prayagraj:STF arrested three smugglers with codeine cough syrup worth crores.||

शेयर करें:
प्रयागराज :
STF ने करोड़ की कोडीन कफ सिरप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार।
दो टूक :  उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अंतर्राज्यीय स्तर पर कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए प्रयागराज से तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने इनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये कीमत की 19,338 शीशी अवैध ONEREX ब्रांड कोडीन कफ सिरप, अलग-अलग ब्रांड की 61,600 जेनेरिक दवाओं की टैबलेट और तस्करी में प्रयुक्त टाटा नेक्सॉन कार बरामद की है।
विस्तार :
एसटीएफ के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशुतोष तिवारी उर्फ प्रवेश तिवारी, निवासी अयोध्या हाल निवासी सुलेम सराय प्रयागराज, तथा अंकेश कुमार और अमित प्रजापति, निवासी जयरामपुर सूबेदारगंज, धूमनगंज प्रयागराज के रूप में हुई है।
एसटीएफ को पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि एक अंतर्राज्यीय गिरोह दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ से अवैध कोडीन कफ सिरप की खेप बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पहुंचा रहा है। सूचना के आधार पर प्रयागराज फील्ड यूनिट की टीम ने निगरानी और अभिसूचना संकलन शुरू किया।
27 सितंबर की रात करीब 11 बजे एसटीएफ टीम ने सहायक पुलिस आयुक्त धूमनगंज तथा औषधि निरीक्षकों की टीम के साथ थाना एयरपोर्ट क्षेत्र में भारत गैस के पास कटहुला गौसपुर स्थित एक मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में कोडीन कफ सिरप और जेनेरिक दवाएं बरामद हुईं, जिसके बाद मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गिरोह दिल्ली से फर्जी दस्तावेज और बिल्टी के जरिए कोडीनयुक्त कफ सिरप व जेनेरिक दवाएं मंगाकर प्रयागराज में किराये के मकान में डंप करता था। इसके बाद कफ सिरप की शीशियों पर दर्ज बैच नंबर ग्राइंडर से मिटाकर सप्लायर की पहचान छिपाने का प्रयास किया जाता था।
एसटीएफ के अनुसार, तैयार माल को बोरियों में भरकर कार के जरिए प्रयागराज के थोक कारोबारियों के साथ-साथ स्थानीय बाजार, आसपास के जनपदों और दूसरे राज्यों में सप्लाई किया जाता था। इस अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे को गिरोह के सदस्य आपस में बांटते थे।
बरामदगी में 19,338 शीशी कोडीन कफ सिरप, 61,600 जेनेरिक टैबलेट, टाटा नेक्सॉन कार, 95 खाली सफेद बोरियां, दो टूल किट/डाई ग्राइंडर और तीन मोबाइल फोन शामिल हैं।
एसटीएफ ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को थाना एयरपोर्ट, कमिश्नरेट प्रयागराज में मु.अ.सं. 150/2026, धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत दाखिल किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।