लखनऊ :
महाराष्ट्र में युवती पर जानलेवा हमले के बाद यूपी में पनाह लिए बैठे दो आरोपियों को STF ने किया गिरफ्तार।
दो टूक : गोरखपुर। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मानपाड़ा थाना क्षेत्र में युवती पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को उत्तर प्रदेश STF ने गोरखपुर से चौरी चौरा से किया गिरफ्तार कर महाराष्ट्र पुलिस को सौंपा दिया।
विस्तार :
महाराष्ट्र पुलिस के संपर्क के बाद STF ने अभिसूचना तंत्र सक्रिय कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की थी। मुखबिर खास की सूचना पर एसटीएफ टीम ने जनपद गोरखपुर के चौरा चौरी चौराहे से फरार चल रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा राज गुप्ता पुत्र रामेश्वर गुप्ता और अंकेश गुप्ता पुत्र रामानन्द गुप्ता, निवासी ठाणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। दोनों आरोपी थाना मानपाड़ा, जिला ठाणे में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 689/2026 में वांछित थे।
युवती पर धारदार हथियार से किया था हमला।
STF के मुताबिक कृष्णा राज गुप्ता और अंकेश गुप्ता ने कुमारी दीक्षिता पुत्री कचरू ठाकुर पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला किया था। घटना के संबंध में थाना मानपाड़ा में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।
महाराष्ट्र पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए यूपी STF से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक धर्मेश कुमार शाही के पर्यवेक्षण में STF फील्ड यूनिट गोरखपुर ने निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए अभिसूचना जुटानी शुरू की।
गोरखपुर में मिली लोकेशन, संयुक्त टीम ने घेरा।
गुरुवार 3 सितंबर 2026 को STF को सूचना मिली कि दोनों वांछित आरोपी बाल खुर्द डुड़ी चौराहा, थाना चौरी चौरा, जनपद गोरखपुर क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही यूपी STF और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को करीब 3:15 बजे गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में थाना मानपाड़ा महाराष्ट्र पुलिस के API हेमन्त ढोले, PN गनेश भोईर और PC नाना चौहान समेत यूपी STF के उपनिरीक्षक यशवंत सिंह, विनायक सिंह, मुख्य आरक्षी अशोक कुमार सिंह, अभिलाष कुमार तिवारी और चन्द्रभूषण सिंह शामिल रहे।
पूछताछ में वारदात में शामिल होना कबूला।
STF के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। घटना में प्रयुक्त सामान और अन्य तथ्यों के संबंध में विस्तृत पूछताछ महाराष्ट्र पुलिस के विवेचक द्वारा की जाएगी।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को थाना चौरी चौरा, गोरखपुर में दाखिल किया गया है। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस द्वारा ट्रांजिट रिमांड लेकर दोनों को महाराष्ट्र ले जाने तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
