जन्माष्टमी को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट, जारचा में एसीपी-2 ने की फुट पेट्रोलिंग; संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दिए निर्देश!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। आगामी जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर जिलेभर में पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
इसी क्रम में डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम एवं एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के निर्देशन में एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा प्रशाली गंगवार ने थाना जारचा क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसीपी-2 ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहार के मद्देनजर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाए। संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर प्रभावी चेकिंग की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान लोगों की आवाजाही बढ़ने को देखते हुए पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना उच्चाधिकारियों को दें। इसके साथ ही पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। धार्मिक स्थलों, प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाए रखना है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाएं, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।।
