गुरुवार, 17 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: श्रीकृष्ण जन्मभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग तेज, विश्व हिंदू महासंघ ने PM-CM के नाम सौंपे ज्ञापन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: श्रीकृष्ण जन्मभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग तेज, विश्व हिंदू महासंघ ने PM-CM के नाम सौंपे ज्ञापन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि की भूमि के संबंध में कार्रवाई की मांग को लेकर विश्व हिंदू महासंघ जिला गौतमबुद्धनगर की ओर से जिलाधिकारी कार्यालय सूरजपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए। संगठन ने दोनों ज्ञापनों के माध्यम से श्रीकृष्ण जन्मभूमि से संबंधित भूमि को लेकर अपनी मांगों पर सरकार से आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

ज्ञापन जिला संयोजक देवेंद्र सिंह सिरोहा, जिला संरक्षक जेपी शर्मा और प्रदेश मंत्री नरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में सौंपे गए। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश के धर्माचार्य अध्यक्ष डॉ. हरिओम पाठक और प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति के निर्देश पर प्रदेशभर में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को लेकर जनसमर्थन जुटाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम और यात्राएं आयोजित की गई हैं।

ज्ञापन में संगठन की ओर से दावा किया गया कि मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि का इतिहास प्राचीन हिंदू धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है। पदाधिकारियों ने ऐतिहासिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में पूर्व में हिंदू मंदिर मौजूद था और ओरछा के राजा वीर सिंह जू देव बुंदेला द्वारा वहां विशाल मंदिर का निर्माण कराया गया था। संगठन ने आरोप लगाया कि बाद में औरंगजेब के शासनकाल में मंदिर को ध्वस्त कर उसके एक हिस्से पर शाही ईदगाह मस्जिद का निर्माण कराया गया।

विश्व हिंदू महासंघ ने ज्ञापन में 12 अक्टूबर 1968 को मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि की 13.37 एकड़ भूमि से संबंधित हुए कथित बंटवारे को भी चुनौती दी है। संगठन का आरोप है कि यह बंटवारा हिंदू समाज की आस्था के साथ अन्याय है और इसे निरस्त किया जाना चाहिए।

ज्ञापन में पूजा स्थल (विशेष प्रावधान) अधिनियम, 1991 को लेकर भी संगठन ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से संबंधित भूमि के बंटवारे को निरस्त कर पूरी भूमि श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के नाम किए जाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि वहां भगवान श्रीकृष्ण के भव्य मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सके।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इस विषय पर सरकार को उनकी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई करनी चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी, जिला महासचिव रविंद्र कसाना, दादरी ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ डेढ़ा, मातृशक्ति महानगर अध्यक्ष किरण त्यागी, मीडिया प्रभारी पिंकी चौधरी, कोषाध्यक्ष कल्याण सिंह, राजकुमार, कुलदीप भाटी, शिवम कोहली, अंकित डेढ़ा, पवन भाटी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।।