मंगलवार, 1 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: OBC के वंचित छात्रों के लिए बड़ी राहत: छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के भुगतान का पोर्टल फिर खुला, 10 सितंबर तक पूरी करनी होगी प्रक्रिया!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: OBC के वंचित छात्रों के लिए बड़ी राहत: छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के भुगतान का पोर्टल फिर खुला, 10 सितंबर तक पूरी करनी होगी प्रक्रिया!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

आवेदन अग्रसारित न होने, PFMS से रिजेक्ट होने समेत विभिन्न कारणों से वंचित दशमोत्तर छात्र-छात्राओं को मिलेगा लाभ

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 1 सितंबर 2026।
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के ऐसे छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न कारणों से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ पाने से वंचित रह गए थे। शासन ने ऐसे पात्र दशमोत्तर कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान किए जाने के लिए पोर्टल खोलने के साथ ही पूरी प्रक्रिया के लिए नई समय-सारिणी जारी कर दी है।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, गौतमबुद्धनगर लवेश कुमार सिसौदिया ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में शिक्षण संस्थाओं द्वारा आवेदन अग्रसारित न किए जाने, पीएफएमएस (PFMS) से आवेदन रिजेक्ट होने अथवा अन्य कारणों से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित रह गए अन्य पिछड़ा वर्ग के दशमोत्तर कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को भुगतान का अवसर दिया जा रहा है। इसमें अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्रा शामिल नहीं होंगे।

10 सितंबर तक पूरी होगी प्रक्रिया

शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति से संबंधित विभिन्न स्तरों पर प्रक्रिया निर्धारित अवधि में पूरी की जाएगी। इसके तहत 1 सितंबर से 7 सितंबर 2026 तक संबंधित शिक्षण संस्थाओं द्वारा मास्टर डाटा तैयार किया जाएगा।

इसके बाद 2 सितंबर से 8 सितंबर 2026 तक विश्वविद्यालय अथवा संबंधित एफिलियेटिंग एजेंसी द्वारा फीस आदि का सत्यापन किया जाएगा। वहीं 3 सितंबर से 9 सितंबर 2026 तक जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा फीस आदि का सत्यापन किया जाना है।

इसके साथ ही 3 सितंबर से 10 सितंबर 2026 तक विश्वविद्यालय अथवा एफिलियेटिंग एजेंसी द्वारा छात्रों के रिजल्ट को पोर्टल पर अपडेट करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

शिक्षण संस्थाओं को दिए गए निर्देश

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने जनपद में संचालित सभी संबंधित शिक्षण संस्थाओं से कहा है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न कारणों से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित रहे अन्य पिछड़ा वर्ग के दशमोत्तर छात्र-छात्राओं से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कराई जाएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदन अग्रसारित न होने, पीएफएमएस से आवेदन रिजेक्ट होने या अन्य तकनीकी एवं प्रक्रिया संबंधी कारणों से जिन पात्र छात्र-छात्राओं को पूर्व में भुगतान नहीं मिल सका है, उनके मामलों में शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए इस अवसर का लाभ उठाते हुए संबंधित संस्थाएं समय से सभी जरूरी कार्रवाई पूरी करें।

शासन की ओर से जारी इस व्यवस्था से जिले के ऐसे छात्र-छात्राओं को लाभ मिलने की उम्मीद है, जो पात्र होने के बावजूद पिछले शैक्षणिक सत्र में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि प्राप्त नहीं कर सके थे।।