मंगलवार, 1 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: डूब क्षेत्र में कटे सैकड़ों बिजली कनेक्शन तो सड़क पर उतरे लोग, विधायक ने CM योगी से की बात!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: डूब क्षेत्र में कटे सैकड़ों बिजली कनेक्शन तो सड़क पर उतरे लोग, विधायक ने CM योगी से की बात!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटे जाने को लेकर मंगलवार को लोगों का आक्रोश सामने आया। पिछले चार दिनों से बिजली विभाग की ओर से छिजारसी, चोटपुर, बेहलोलपुर और आसपास के इलाकों में चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी संख्या में बिजली कनेक्शन काटे जाने का दावा किया जा रहा है। बिजली संकट से परेशान सैकड़ों लोग सेक्टर-26 स्थित विधायक पंकज सिंह के कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याएं रखते हुए तत्काल समाधान की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई वर्षों से इन इलाकों में रह रहे हैं। कई परिवारों का दावा है कि उनके पास जमीन की रजिस्ट्री और अन्य दस्तावेज भी मौजूद हैं। इसके बावजूद बिजली कनेक्शन काटे जाने से लोगों के सामने रोजमर्रा की जिंदगी चलाने का संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि उन्हें भी अन्य आवासीय क्षेत्रों की तरह नियमित बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए और पात्र परिवारों को वैध मीटरयुक्त कनेक्शन दिए जाएं।

चार दिन से चल रहा बिजली कनेक्शन काटने का अभियान

स्थानीय निवासियों के मुताबिक बिजली विभाग की टीमें पिछले चार दिनों से छिजारसी, चोटपुर, बेहलोलपुर समेत डूब क्षेत्र के अन्य इलाकों में अभियान चला रही हैं। इस दौरान सैकड़ों कनेक्शन काटे जाने की बात कही जा रही है। बिजली आपूर्ति बंद होने से लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घरों में पंखे और कूलर बंद होने के साथ ही पानी की व्यवस्था, मोबाइल फोन चार्ज करने और अन्य जरूरी घरेलू काम भी प्रभावित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा बंद होने से परिवारों के सामने गंभीर परेशानी पैदा हो गई है।

बच्चों की पढ़ाई और स्कूल जाने पर भी असर

बिजली कटौती का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। स्थानीय परिवारों का कहना है कि रात में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। वहीं सुबह स्कूल जाने से पहले बच्चों को तैयार करने और घर के जरूरी काम निपटाने में भी परेशानी हो रही है।

लोगों का कहना है कि वे बिजली का इस्तेमाल करने के एवज में नियमानुसार बिल का भुगतान करने को तैयार हैं। उनकी मांग है कि पात्र परिवारों को वैध मीटरयुक्त कनेक्शन दिए जाएं, ताकि वे नियमित रूप से बिजली का बिल जमा कर सकें और बिजली आपूर्ति का लाभ उठा सकें।

विधायक कार्यालय पहुंचकर लोगों ने उठाई आवाज

बिजली कनेक्शन काटे जाने से नाराज बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी सेक्टर-26 स्थित विधायक पंकज सिंह के कार्यालय पहुंचे। लोगों ने विधायक के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि डूब क्षेत्र में रहने वाले परिवारों को भी अन्य क्षेत्रों की तरह बिजली की सुविधा मिलनी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जिन लोगों के कनेक्शन वैध हैं, उन्हें तत्काल दोबारा जोड़ा जाए। साथ ही जिन परिवारों के पास फिलहाल वैध कनेक्शन नहीं हैं, उनके लिए भी नियमों के तहत अस्थायी बिजली कनेक्शन की व्यवस्था की जाए।

लोगों का कहना था कि वे किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि सामान्य जीवन जीने के लिए बिजली जैसी बुनियादी सुविधा चाहते हैं।

CM योगी से विधायक पंकज सिंह ने की फोन पर बात

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बातचीत कर डूब क्षेत्र के लोगों की समस्या उनके सामने रखी। विधायक की ओर से बताया गया कि मुख्यमंत्री ने मामले में आवश्यक समाधान का भरोसा दिया है।

बताया गया कि जिन उपभोक्ताओं के वैध बिजली कनेक्शन काटे गए हैं, उन्हें दोबारा जोड़ा जाएगा। वहीं जिन लोगों के पास फिलहाल वैध कनेक्शन नहीं हैं, उनके लिए भी अस्थायी कनेक्शन उपलब्ध कराने की बात कही गई है, ताकि बिजली कटने से उनके जीवनयापन पर प्रतिकूल असर न पड़े।

बुधवार शाम तक जुड़ेंगे वैध कनेक्शन

विधायक की ओर से यह भी बताया गया कि बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से इस संबंध में बातचीत हुई है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि काटे गए वैध बिजली कनेक्शनों को बुधवार शाम पांच बजे तक दोबारा जोड़ दिया जाएगा।

अब स्थानीय लोगों की नजर बिजली विभाग की कार्रवाई पर है। लोगों को उम्मीद है कि वैध कनेक्शनों को जल्द बहाल करने के साथ ही डूब क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा, ताकि भविष्य में उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।।