गौतमबुद्धनगर: हिंडन नदी में नाव बांधने के दौरान दो युवक डूबे, मचा हड़कंप; NDRF-SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। हैबतपुर क्षेत्र में हिंडन नदी में नाव में रस्सी बांधने के दौरान दो युवक गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ NDRF, SDRF तथा फायर सर्विस की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गईं। नदी के तेज बहाव और गहराई के बीच दोनों युवकों की तलाश के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा यूसुफपुर चक, थाना बिसरख क्षेत्र में हुआ। नदी किनारे खड़ी नाव में रस्सी बांधने के दौरान अचानक दोनों युवकों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में जा समाए। डूबने वाले युवकों की पहचान बुलंदशहर निवासी शिव राजपूत (19) और सौरव (20) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में यूसुफपुर चक क्षेत्र में रह रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमों के साथ फायर सर्विस के जवानों को भी मौके पर बुलाया गया। बोट और गोताखोरों की मदद से नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। तेज बहाव और नदी की गहराई के कारण रेस्क्यू टीमों को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस और बचाव दल की टीमें दोनों युवकों को तलाशने में जुटी हुई हैं। फिलहाल दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका है और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
हिंडन नदी में पहले भी हो चुके हैं हादसे
हिंडन नदी में इससे पहले भी डूबने की कई घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बावजूद नदी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और लोगों को खतरनाक स्थानों से दूर रखने को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ताजा हादसे ने एक बार फिर नदी किनारे सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को सामने ला दिया है।
पुलिस के अनुसार, रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही घटना से जुड़ी आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।
