रविवार, 6 सितंबर 2026

मऊ :बेकाबू बाइक पोल से टकराकर खाई में गिरी,रातभर तड़प-तड़प कर दो युवकों ने तोड़ा दम।।Mau:An out-of-control bike collided with a pole and fell into a ditch. Two young men died after suffering for the entire night.||

शेयर करें:
मऊ :
बेकाबू बाइक पोल से टकराकर खाई में गिरी,रातभर तड़प-तड़प कर दो युवकों ने तोड़ा दम।।
●दर्दनाक हादसा के आठ घंटे बाद खाई में दोनो का मिला शव।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना कोपागंज क्षेत्र के कुर्थीजाफरपुर नगर पंचायत अंतर्गत बरलाई-धवरियासाथ मार्ग पर जहनियांपुर मोड़ शनिवार रात दो परिवारों के लिए मातम का कारण बन गया। अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराई और सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक रातभर लापता रहे। करीब आठ घंटे बाद रविवार सुबह बाइक समेत दोनों के शव खाई में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार थाना कोपागंज क्षेत्र जहनियांपुर मोड़ बाइक सवार दो युवकों की सड़क दुर्घटना मे गम्भीर रुप से घायल हो गए और रात भर सड़क के किनारे गहरी खाई मे तड़प तड़प कर दम तोड़ दिया। शनिवार शाम को बाइक लेकर निकले युवक देर रात घर नही पहुचे तो परिजन ढूढना शुरु कर दिया और पुलिस को सूचना दी। 
गहरी खाई मे शव मिलने से इलाके मे मचा हड़कंप।
●जानकारी के अनुसार सड़क किनारे लवारिस बाइक मिलने पर आस पास तलाशना शुरु किया तो दोनो का शव गहरी खाई मे मिला। हादसे के बाद दोनों युवक रातभर सड़क किनारे खाई में पड़े रहे और किसी को उनकी भनक तक नहीं लगी।
मृतकों की पहचान कुर्थीजाफरपुर निवासी आकाश (24) और उनके बुआ के बेटे, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गोठा निवासी निकेश (26) के रूप में हुई।
सड़क की बदहाली पर फूटा गुस्सा, चार घंटे ठप रहा मार्ग।
दो युवकों की मौतों की सूचना पर  ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। परिजनों और ग्रामीणों ने बरलाई-धवरियासाथ मार्ग पर जाम लगाकर जिम्मेदार व्यवस्था के खिलाफ विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि जहनियांपुर मोड़ पर सड़क संकरी है, मोड़ बेहद खतरनाक है और सड़क किनारे लगा बिजली का पोल हादसे का बड़ा कारण बना हुआ है। दो युवकों का जीवन छीन लिया।
ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण, मोड़ को सुरक्षित बनाने, रास्ते में बाधक पेड़ों की कटाई और बिजली पोल को तत्काल शिफ्ट करने की मांग की। करीब चार घंटे तक जाम के चलते मार्ग पर आवागमन ठप रहा।
मौके की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण टोला और कोपागंज थाने की पुलिस के साथ पीएसी बल तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया।
●दो मौतों ने व्यवस्था पर खड़े किए सवाल ?
ग्रामीणों का सीधा सवाल है कि जब जहनियांपुर मोड़ की खामियां हादसों को न्योता दे रही हैं तो जिम्मेदार विभाग अब तक क्यों नहीं जागा? सड़क की संकराई, अंधा मोड़ और किनारे खड़ा बिजली पोल आखिर कब तक राहगीरों की जान के लिए खतरा बने रहेंगे?
हादसे में दो युवकों की मौत ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सुबह खाई से निकले दो शव सिर्फ एक हादसे की कहानी नहीं, बल्कि लापरवाही और बदहाल सड़क व्यवस्था पर बड़ा सवाल बनकर सामने आए हैं।