मंगलवार, 1 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर/दिल्ली-NCR में स्लीपर बस में नाबालिग से कथित दुष्कर्म के बाद पुलिस अलर्ट, ग्रेटर नोएडा में बस-टैक्सियों की सघन चेकिंग!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर/दिल्ली-NCR में स्लीपर बस में नाबालिग से कथित दुष्कर्म के बाद पुलिस अलर्ट, ग्रेटर नोएडा में बस-टैक्सियों की सघन चेकिंग!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुपालन के साथ सार्वजनिक वाहनों पर कसा शिकंजा, अभिलेख से लेकर काली फिल्म और अनधिकृत बदलाव तक की जांच

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। दिल्ली-NCR में 4 अगस्त को चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता बढ़ी है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने ग्रेटर नोएडा जोन में सार्वजनिक वाहनों की सुरक्षा और नियमों के अनुपालन को लेकर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम एवं एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के पर्यवेक्षण में ग्रेटर नोएडा जोन के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने बस, टैक्सी समेत अन्य सार्वजनिक वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान वाहनों के अभिलेख, काली फिल्म, अनधिकृत परिवर्तन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की गई।

संदिग्ध वाहनों पर पुलिस की पैनी नजर

चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की भी जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराना है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक वाहनों में नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से ऐसे वाहनों पर नजर रखी जा रही है, जिनमें काली फिल्म, अनधिकृत बदलाव या अन्य नियम विरुद्ध व्यवस्थाएं पाई जाती हैं।

नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को चेतावनी

डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आमजन की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

दिल्ली-NCR में हाल में सामने आए स्लीपर बस में नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले ने सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा बस और टैक्सी समेत सार्वजनिक वाहनों की सघन जांच को यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस की कोशिश है कि सार्वजनिक वाहनों में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।