बुधवार, 2 सितंबर 2026

दिल्ली: सरदार पटेल जयंती पर तालकटोरा स्टेडियम में जुटेगा गुर्जर समाज, महाअधिवेशन की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार!!

शेयर करें:

दिल्ली: सरदार पटेल जयंती पर तालकटोरा स्टेडियम में जुटेगा गुर्जर समाज, महाअधिवेशन की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नई दिल्ली। आगामी 29 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती समारोह एवं अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के विशाल अधिवेशन की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी सिलसिले में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान आयोजन की तैयारियों के साथ-साथ समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में सामाजिक जागरूकता, शिक्षा के प्रसार, संगठन की मजबूती, राजनीतिक जागरूकता, युवाओं की भागीदारी और उनके उज्ज्वल भविष्य समेत कई मुद्दों पर सार्थक विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने 29 अक्टूबर को प्रस्तावित विशाल अधिवेशन की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा से भी डॉ. दिनेश शर्मा को अवगत कराया।

गुर्जर समाज के योगदान को किया याद

इस अवसर पर डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि गुर्जर समाज का देश के इतिहास में गौरवशाली योगदान रहा है। समाज के वीरों ने देश की रक्षा, स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण में त्याग, संघर्ष और बलिदान की मिसाल कायम की है।

उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठन को मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि अखिल भारतीय गुर्जर महासभा का प्रस्तावित अधिवेशन समाज को एकजुट करने के साथ ही सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सरदार पटेल के विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान

डॉ. दिनेश शर्मा ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र को एकजुट रखने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय गुर्जर महासभा द्वारा समाज को एक मंच पर लाने और एकता की भावना को मजबूत करने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने 29 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की सफलता के लिए महासभा के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।


सामाजिक एकता और स्वाभिमान का संदेश देगा आयोजन

महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि 29 अक्टूबर का आयोजन सरदार पटेल के विचारों, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक स्वाभिमान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि महासभा का उद्देश्य समाज में शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को आगे बढ़ाना तथा संगठन को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने गुर्जर समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में तालकटोरा स्टेडियम पहुंचकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन समाज की एकजुटता, सामाजिक चेतना और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का मजबूत संदेश देगा।

महासभा के पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी, के.पी. सिंह कसाना, जगबीर दौला, रामकेश चपराना, ब्रजवीर प्रमुख, वीरेंद्र विधूड़ी, गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, अरुण भाटी, जितेंद्र विकल, सुनील भाटी, राजकुमार चौधरी सहित अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।