लखनऊ :
दबंगों ने कैप्टन पर धारदार हथियार से हमला कर किया लहूलुहान।।
आर्मी के कैप्टन की जमीन पर जबरन कब्जा करने का मामला।
दो टूक : थाना लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में रजिस्ट्रीशुदा जमीन पर कथित तौर पर जबरन निर्माण कराने को लेकर विवाद सामने आया है। निर्माण रोकने पहुंचे दो पूर्व सैन्यकर्मी भाइयों के साथ मारपीट और एक भाई पर धारदार हथियार व लाठी-बेलचक से हमला कर घायल करने का आरोप है। पीड़ित कैप्टन ने कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं, इसी थाने में वाहन को पीछे से टक्कर मारकर चालक के फरार होने का एक अन्य मामला भी दर्ज कराया गया है।
विस्तार :
थाना पीजीआई पुलिस के मुताबिक कैप्टन देवेंद्र कुमार सिंह अपने छोटे भाई नायब सूबेदार महेंद्र प्रताप सिंह के साथ 31 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:30 बजे अपने मकान पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान सतीश उर्फ गुड्डू, कौशल किशोर, रामराज पुत्र मैकूलाल, संजू, राजा सहित कुछ अन्य लोग उनकी गाटा संख्या 663 में स्थित रजिस्ट्रीशुदा भूमि पर रात में निर्माण कार्य करा रहे थे।
कैप्टन के मुताबिक निर्माण का विरोध करने के लिए उन्होंने अपने भाई महेंद्र प्रताप सिंह को मौके पर भेजा। आरोप है कि पहले से तैयारी किए बैठे लोगों ने उनके भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे कैप्टन देवेंद्र कुमार सिंह पर भी लाठी, बेलचक और धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनके बाएं पैर में गंभीर चोट लगने से खून निकलने लगा।
पीड़ित का आरोप है कि सूचना पर 112 पीआरवी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने चलने के लिए कहा। इसके बावजूद पुलिस की मौजूदगी में भी रात करीब 10 बजे तक निर्माण कार्य जारी रखा गया। पीड़ित ने आशंका जताई कि यदि वह और उनका भाई मौके से नहीं हटते तो आरोपी उनकी जान को भी नुकसान पहुंचा सकते थे।
कैप्टन देवेंद्र कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने तथा स्वयं और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
मेजर के वाहन में पीछे से टक्कर मारकर फरार हुआ चालक।
पीजीआई थाने में एक अन्य शिकायत मेजर अर्चना वर्मा ने दर्ज कराई है। तहरीर के अनुसार 3 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8 बजे वह कार संख्या UP32HS0270 से शनि मंदिर चौराहे से अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए वाहन संख्या UP32TN4799 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि चालक को रोककर नुकसान की भरपाई करने को कहा गया, लेकिन वह बात मानने के बजाय मौके से फरार हो गया। मेजर अर्चना ने पुलिस से वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
