मंगलवार, 1 सितंबर 2026

लखनऊ : कांग्रेस ने भरी जन-संवाद से जनपरिवर्तन की हुंकार।।||Lucknow: Congress calls for public change through public dialogue.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
कांग्रेस ने भरी जन-संवाद से जनपरिवर्तन की हुंकार।।
●‘लोक हुंकार’ में गूंजा संविधान और सामाजिक न्याय का मुद्दा।
दो टूक : लखनऊ के गांधी भवन ऑडिटोरियम, कैसरबाग में मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों एवं समुदायों के नागरिकों की सहभागिता में विशेष जनसंवाद ‘लोक हुंकार—जन संवाद, जन भागीदारी, जन परिवर्तन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने जनता के अधिकार, सामाजिक न्याय, समानता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दों पर संवाद किया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय, सांसद राकेश राठौर, विधायक वीरेन्द्र चौधरी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि जनसंवाद, जनभागीदारी और जनपरिवर्तन के संकल्प के साथ जनता के अधिकारों, सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई है। उन्होंने आयोजकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि जनता की आवाज को मजबूत करना और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों के प्रतिनिधि लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा का संकल्प लेने के लिए एक मंच पर जुटे हैं। उन्होंने कहा कि देश में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी वर्गों और समुदायों को एकजुट होने की जरूरत है।
अजय राय ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए बदायूं के दातागंज थाने में युवक की संदिग्ध मौत का मुद्दा उठाया। उन्होंने पुलिस अभिरक्षा में होने वाली मौतों को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए। अजय राय ने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिले हैं और उनकी पीड़ा को करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता जहां भी जनता को पीड़ा में देखेंगे, वहां पहुंचकर उसकी आवाज उठाएंगे।
वहीं सांसद राकेश राठौर ने भाजपा पर संविधान विरोधी कृत्य करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद मंच के शुद्धिकरण के मामले में कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। राठौर ने इसे दलित विरोधी मानसिकता बताते हुए कहा कि ऐसे कृत्य संविधान और डॉ. बाबा साहब आंबेडकर के विचारों का अपमान हैं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जनता की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘लोक हुंकार’ जैसे जनसंवाद कार्यक्रमों के जरिए आम जनता की आवाज को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर मजबूती देने का प्रयास जारी रहेगा।