लखनऊ :
दो संस्थानों के बीच MoU से कैंसर उपचार और शोध को मिलेगी नई रफ्तार।।
कल्याण सिंह कैंसर संस्थान व वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में हुआ समझौता।
।।डी एस शास्त्री।।
दो टूक : लखनऊ कैंसर उपचार, अनुसंधान और अकादमिक उत्कृष्टता को नई दिशा देने के लिए कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट, लखनऊ और वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा, बिहार के बीच मंगलवार को महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। दोनों संस्थानों के बीच हुआ यह समझौता कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान, अत्याधुनिक उपचार और संयुक्त अनुसंधान के क्षेत्र में अहम कदम माना जा रहा है।
निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कल्याण सिंह कैंसर संस्थान की ओर से कार्यपालक कुलसचिव डॉ. आयुष लोहिया तथा वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय की ओर से सहायक रजिस्ट्रार एवं MoU प्रभारी श्री नवनीत सिंह ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान प्रो. डॉ. अमरिका सिंह, पूर्व कुलपति, MLSU विश्वविद्यालय उदयपुर तथा प्रो. (डॉ.) दुर्गेश मणि त्रिपाठी, सलाहकार, देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार भी मौजूद रहे।
●AI और आधुनिक तकनीक से कैंसर अनुसंधान पर जोर।
समझौते के तहत ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में अत्याधुनिक संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। कैंसर की शीघ्र पहचान, सटीक निदान और बेहतर उपचार के लिए नई तकनीकों के विकास और उनके इस्तेमाल पर विशेष जोर रहेगा।
दोनों संस्थान भारतीय आबादी में विभिन्न प्रकार के कैंसर के निदान एवं उपचार के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित तकनीकों के विकास और उपयोग पर भी मिलकर काम करेंगे।
●NGS और मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स में प्रशिक्षण।
MoU के तहत विद्यार्थियों के लिए मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स और कैंसर अनुसंधान से जुड़े प्रशिक्षण एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नेक्स्ट जेनरेशन सीक्वेंसिंग (NGS) जैसी अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से कैंसर के मूल कारणों की पहचान और अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इसके साथ ही संकाय सदस्यों, वैज्ञानिकों और शोधार्थियों का आदान-प्रदान, सहयोगात्मक शिक्षण, प्रशिक्षण और नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा। कैंसर रोगियों से संबंधित नैदानिक अनुसंधान गतिविधियों में भी दोनों संस्थानों के बीच सहयोग होगा।
●कैंसर देखभाल में बनेगा नया सहयोगी मॉडल।
संस्थान की ओर से प्रो. प्रमोद कुमार गुप्ता, डीन, प्रो. विजेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक तथा डॉ. वरुण विजय, चिकित्सा अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
संस्थान के अनुसार यह साझेदारी कैंसर की रोकथाम से लेकर निदान, उपचार, अनुसंधान और प्रशिक्षण तक दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता को एक मंच पर लाएगी। इससे भविष्य में उन्नत कैंसर उपचार और अनुसंधान के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।
