लखनऊ :
चाकू के हमले के 25 दिन बाद पिता की मौत,बेटे पर जानलेवा हमले का आरोप।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली
मोहनलालगंज क्षेत्र उतरगांव में बेटे के चाकू से किए गए जानलेवा हमले में घायल पिता की इलाज के दौरान आखिर 25 दिन के बाद मौत हो गई। 14 अगस्त को उत्तरगांव में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद घायल बाबूलाल का इलाज कराया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह घर पर रह रहे थे, लेकिन 24 अगस्त को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को उपचार के दौरान उनकी दु:खद मौत हो गई।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार पिछले माह 14 अगस्त को मोहनलालगंज क्षेत्र ग्राम उत्तरगांव निवासी बाबूलाल पर उनके बेटे शिव कुमार उर्फ गुड्डू ने चाकू से हमला किया था। जिसमे वह गम्भीर रुप से घायल हो गए थे परिजनों इलाज के अस्पताल मे भर्ती कराया था तब से उनका इलाज चल रहा था इस मामले में मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। गंभीर रूप से घायल बाबूलाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद 15 अगस्त को चिकित्सकों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया था।
इसके बाद बाबूलाल घर पर ही रह रहे थे। पुलिस के अनुसार उस दौरान उनकी हालत सामान्य थी। 24 अगस्त को अचानक स्वास्थ्य खराब होने पर परिजन उन्हें विद्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा था। 8 सितंबर मंगलवार को इलाज के दौरान बाबूलाल ने दम तोड़ दिया।
मौत की वजह पर अभी सस्पेंस।
बाबूलाल की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि के लिए पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय साक्ष्यों के सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बाबूलाल की मौत की वजह क्या रही।
हमलावर बेटा पहले ही पहुंच चुका है जेल।
जानलेवा हमला मामले में मोहनलालगंज पुलिस ने आरोपी बेटा शिव कुमार उर्फ गुड्डू (करीब 40 वर्ष) को 15 अगस्त को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया था। 16 अगस्त को उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। अब बाबूलाल की मौत के बाद पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी। फिलहाल आरोपी बेटा जेल में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध है।।
पिता की डांट फटकार से घटना को दिया था अंजाम।
उस वक्त पुलिस पूछताछ मे गिरफ्तार
शिव कुमार उर्फ गुड्डू ने बताया कि दिनांक 14/08/26 को दोपहर में विवाद के दौरान पिता मुझे गाली देते हुए थप्पड़ मार दिया था तभी मैंने यह तय कर लिया कि आज इन्हें जान से मार देना है। इसी नियत के साथ मैं उत्तर गाँव पक्के रोड से घर पे गया और वहाँ से एक सब्जी काटने वाली चाकू उठा लाया और रोड पर ही मेरे पिता खड़े मिल गए थे। मैं उनके पास जाकर उनके गर्दन पर चाकू से जोरदार वार कर दिया तथा दूसरा वार किया लेकिन वह उसके हाथ पर जाकर लगा जिससे वह वहीं गिर गये । जिसके बाद मैं उन्हे मरा हुआ समझकर भाग गया था ।
