मऊ :
बाल निकेतन के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का डीएम ने किया औचक निरीक्षण।
◆देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में निर्माणाधीन बाल निकेतन रेलवे ओवरब्रिज का जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और मौके की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना को पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के सहायक अभियंता ने जिलाधिकारी को बताया कि रेलवे ओवरब्रिज परियोजना का निर्माण कार्य फरवरी 2024 से शुरू हुआ है। परियोजना को पूरा करने की निर्धारित समय-सीमा जून 2027 है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि निर्धारित अवधि के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना को निर्धारित समय से पहले पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाए, ताकि आमजन को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सामग्री की गुणवत्ता तथा मौके पर हो रहे कार्यों की नियमित जांच कराने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप हो और उसकी गुणवत्ता की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने रेलवे ओवरब्रिज के किनारे बनी सर्विस लेन का भी निरीक्षण किया। सर्विस लेन की स्थिति को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसे व्यवस्थित और आवागमन के योग्य बनाने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य के दौरान राहगीरों एवं वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य के दौरान जनसुविधा, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं का उद्देश्य आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
