मंगलवार, 1 सितंबर 2026

आजमगढ़ : एपीजे अब्दुल कलाम डिजिटल लाइब्रेरी की पहली वर्षगांठ पर 113 छात्र-छात्राओं को मिली घड़ी

शेयर करें:
।। सिद्धेश्वर पाण्डेय।।
 दो टूक ,आजमगढ़ । जिले के फूलपुर तहसील क्षेत्र के अंबारी स्थित एपीजे अब्दुल कलाम डिजिटल लाइब्रेरी का एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर मंगलवार को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें उपहार स्वरूप घड़ियां वितरित की गईं। घड़ी पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के दौरान लाइब्रेरी परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
एपीजे अब्दुल कलाम डिजिटल लाइब्रेरी के प्रबंधक हाजी सफीक अहमद की ओर से कुल 113 प्रतियोगी छात्र-छात्राओं को घड़ी उपहार के रूप में प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को समय के महत्व का एहसास कराना भी रहा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए समय प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी संदेश को ध्यान में रखते हुए लाइब्रेरी प्रबंधन ने वर्षगांठ के अवसर पर घड़ी को उपहार के रूप में चुना।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंधक हाजी सफीक अहमद ने कहा कि समय जीवन की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है। एक बार बीता हुआ समय वापस नहीं आता। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी का एक वर्ष पूरा होना विद्यार्थियों की मेहनत और लगन का भी प्रतीक है। घड़ी देने का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को समय का ज्ञान कराना है, ताकि वे अपने अध्ययन का समय निर्धारित कर सकें और उसी के अनुसार अपनी तैयारी को आगे बढ़ाएं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे लक्ष्य निर्धारित कर नियमित रूप से पढ़ाई करें और समय का सदुपयोग करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और समय प्रबंधन के साथ आगे बढ़ने वाला विद्यार्थी अपने लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी लाइब्रेरी प्रबंधन की इस पहल की सराहना की। विद्यार्थियों का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान उन्हें पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण के साथ-साथ प्रोत्साहन भी मिलता है। वर्षगांठ के अवसर पर घड़ी मिलने से उन्हें समय के प्रति और अधिक सजग रहने की प्रेरणा मिलेगी।
समारोह में कफील अहमद, मो. इस्माइल, विशेष पांडेय, आशुतोष प्रजापति, पूजा यादव, हाजिक असलम, दिनेश कुमार, शुभम यादव, विवेक यादव, वीरेंद्र यादव, कंचन यादव, सुमित चौरसिया, गरिमा यादव, आकांक्षा यादव, रंजना यादव और प्रीति सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कफील अहमद ने किया।
लाइब्रेरी की पहली वर्षगांठ पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए उत्साहवर्धन के साथ-साथ ‘समय का सदुपयोग ही सफलता की कुंजी है’ का संदेश भी दे गया