गौतमबुद्धनगर: दादरी में चोरी की वारदातों पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार; जेवरात, सिक्के और अवैध चाकू बरामद!!
बोड़ाकी मोड़ के पास लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर दबोचे गए आरोपी, चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने की बरामद
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना दादरी पुलिस ने चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, सफेद धातु के सिक्के, पेंट की बाल्टी, दो अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को थाना दादरी पुलिस टीम को चोरी की घटनाओं से जुड़े आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बोड़ाकी मोड़ के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देव पुत्र नरेश कुमार और आकाश पुत्र लाल किशन के रूप में हुई है।
चोरी के सामान के साथ अवैध हथियार भी मिले
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु का एक लॉकेट, सफेद धातु के दो कंगन और आठ सिक्के, इसके अलावा एक पेंट की बाल्टी बरामद की है। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल UP15DV7928 को भी कब्जे में ले लिया है।
तीन चोरी के मुकदमों और आर्म्स एक्ट से जुड़ा है मामला
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना दादरी में चोरी और अवैध हथियार से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ मु0अ0सं0 404/2026 धारा 305ए/331(4), 317(2) बीएनएस, मु0अ0सं0 362/2026 धारा 305(a), 331(4), 317(2) बीएनएस और मु0अ0सं0 425/2026 धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा मु0अ0सं0 429/2026 धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
बुलंदशहर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपी देव पुत्र नरेश कुमार, ग्राम धनौरा, थाना ककोड़, जनपद बुलंदशहर का निवासी है और उसकी उम्र करीब 19 वर्ष है। वहीं दूसरा आरोपी आकाश पुत्र लाल किशन, ग्राम खवासपुर, थाना चोला, जनपद बुलंदशहर का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने चोरी की अन्य कितनी वारदातों को अंजाम दिया है तथा बरामद सामान किन घटनाओं से संबंधित है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और उनके साथ जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
बरामदगी: एक लॉकेट, दो कंगन, आठ सफेद धातु के सिक्के, एक पेंट की बाल्टी, दो अवैध चाकू और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल।
