बुधवार, 30 सितंबर 2026

मऊ :पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रेलर में घुसा भैंस लदा ट्रक, तीन पशु व्यापारी घायल।||Mau:A truck carrying buffaloes rammed into a trailer parked on the Purvanchal Expressway, injuring three cattle traders.||

शेयर करें:
मऊ :
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रेलर में घुसा भैंस लदा ट्रक, तीन पशु व्यापारी घायल।
●भीषण हादसा में दो भैंसों के पैर टूटे; चालक-परिचालक फरार।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रानीपुर थाना क्षेत्र के पास मंगलवार देर रात करीब दो बजे तेज रफ्तार भैंस लदा ट्रक सड़क पर खड़े खराब ट्रेलर में पीछे से जा घुसा। हादसे में ट्रक सवार तीन पशु व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ट्रक में लदी दो भैंसों के पैर टूट गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार बिहार के हाजीपुर से मवेशी खरीदकर मध्य प्रदेश के शोभनगर लौट रहे पशु व्यापारियों का ट्रक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था। रानीपुर के पास सरिया लदा एक ट्रेलर खराब होने के कारण पहले से सड़क पर खड़ा था। रात में अंधेरा अधिक होने और ट्रक की रफ्तार तेज होने के चलते चालक खड़े ट्रेलर को समय रहते नहीं देख सका और ट्रक पीछे से उसमें जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर स्थानीय लोग और यूपीडा की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। घायल पशु व्यापारियों की पहचान सतीश बघेल, जगदीश यादव और बबलू पाल के रूप में हुई है।
उधर, हादसे में ट्रक में लदी दो भैंसें भी घायल हो गईं और उनके पैर टूट गए। घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई।
पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फरार चालक और परिचालक की तलाश की जा रही है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।