मंगलवार, 8 सितंबर 2026

मऊ : जमीनी विवाद में मारपीट के दो माह बाद घायल पिता की इलाज के दौरान मौत।।||Mau: Two months after a fight over land, the injured father died during treatment.||

शेयर करें:
मऊ : 
जमीनी विवाद में मारपीट के दो माह बाद घायल पिता की इलाज के दौरान मौत।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद कोपागंज थाना क्षेत्र के भुलईडीह समस्तीपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट के करीब दो माह बाद घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, भुलईडीह समस्तीपुर निवासी रामबढ़ाई (55) और उनके पुत्र सोनू कुमार का चार जुलाई को पट्टीदारों से जमीन संबंधी विवाद को लेकर मारपीट हो गई थी। मारपीट में पिता-पुत्र घायल हो गए थे। परिजनों के मुताबिक, रामबढ़ाई का इलाज चल रहा था और सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत के बाद मृतक के पुत्र सोनू कुमार ने पुलिस प्रशासन पर मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना है कि घटना के बाद से ही वह कार्रवाई की मांग कर रहे थे, लेकिन पुलिस की ओर से मामले में कथित तौर पर हीलाहवाली की गई। सोनू ने आरोप लगाया कि पिता की मौत के बाद भी मुकदमा दर्ज करने और अन्य कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से टालमटोल की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मौत की सूचना के 24 घंटे बाद तक पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।
वहीं, इस संबंध में कोपागंज थानाध्यक्ष रोहन सिंह ने मारपीट के आरोप से इनकार करते हुए बताया कि दोनों पक्षों के बीच जादू-टोना के मामले को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि घटना के करीब दो माह बाद एक व्यक्ति की मौत हुई है, जिसके बाद आरोप लगाए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना में किसकी भूमिका थी। पुलिस की जांच पर मृतक के परिजनों की निगाहें टिकी हुई हैं।