मंगलवार, 8 सितंबर 2026

मऊ :पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत,पत्नी-बच्चे घायल।||Lucknow:Bicycle rider killed in collision with pickup, wife and children injured.||

शेयर करें:
मऊ  :
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत,पत्नी-बच्चे घायल।
●पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत,पत्नी-बच्चे घायल,हालत नाजुक।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के वलीदपुर स्थित तीन मोहनी के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल छह वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार, महरूपुर निवासी मोहम्मद अहमद (40) अपनी पत्नी नसरीन कौसर (38) तथा बेटियों फरहा (6) और तीन वर्षीय मासूम हमजा के साथ बाइक से अपने ससुराल वलीदपुर जा रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही परिवार तीन मोहनी के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही पिकअप संख्या यूपी 50 एफटी 9560 ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार मोहम्मद अहमद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद छह वर्षीय फरहा की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे शहर के एक निजी नर्सिंग होम में लेकर पहुंचे, जहां बच्ची का उपचार जारी है। वहीं अन्य घायलों का भी उपचार कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और पिकअप चालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।