मंगलवार, 8 सितंबर 2026

लखनऊ :बकाया रकम मांगने पहुंचे युवक पर लोहे की रॉड से हमला।||Lucknow:A young man who came to demand his outstanding amount was attacked with an iron rod.||

शेयर करें:
लखनऊ :
बकाया रकम मांगने पहुंचे युवक पर लोहे की रॉड से हमला।
दो टूक : लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में बकाया रकम मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि सीमेंट, सरिया और अन्य बिल्डिंग मटेरियल की बकाया धनराशि मांगने पहुंचे नसरुद्दीन पर पिंटू शर्मा ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर दिया। हमले में नसरुद्दीन घायल हो गया। बीच-बचाव कर मौके पर मौजूद व्यक्ति ने उसे बचाया। आरोप है कि इसके बाद हमलावर ने जान से मारने की धमकी भी दी।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक थाना पारा क्षेत्र में नसरुद्दीन की सीमेंट एवं सरिया की दुकान है। पिंटू शर्मा ने मकान निर्माण के लिए दुकान से सीमेंट, सरिया समेत अन्य बिल्डिंग मटेरियल लिया था, जिसकी धनराशि बकाया थी। 7 सितंबर की शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच नसरुद्दीन बकाया रकम मांगने पिंटू शर्मा के घर पहुंचा था। उसके साथ मोहम्मद सलमान भी मौजूद था।
आरोप है कि बकाया रकम मांगते ही पिंटू शर्मा गाली-गलौज करने लगा और घर से बाहर निकलकर लोहे की रॉड से नसरुद्दीन के सिर पर वार कर दिया। सिर में चोट लगने के बाद मौके पर मौजूद मोहम्मद सलमान ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। घटना के बाद घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
मामले में मोहम्मद सैफ की तहरीर पर थाना पारा में मुकदमा संख्या 632/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 110, 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक विभोर सिंह कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और विवेचना के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।