लखनऊ :
लग्जरी सफारी से गांजा तस्करी का खेल बेनकाब, नगराम पुलिस ने दबोचे दो तस्कर।।
दो टूक : लखनऊ के थाना नगराम पुलिस टीम ने लग्जरी गाड़ियों से गांजा सप्लाई करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का खुलासा करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 12.750 किलोग्राम अवैध गांजा, तीन मोबाइल फोन, पीली धातु की एक चेन, 3,100 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त टाटा सफारी कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।
विस्तार :
DCP साउथ ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना नगराम पुलिस टीम ने 17 सितंबर 2026 को स्थानीय थाना क्षेत्र नगराम-गंगागंज मार्ग स्थित शिवपुरा मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की टाटा सफारी UP32EL8000 को रोककर तलाशी ली गई। गाड़ी के अंदर बोरी में छिपाकर रखा गया 12.750 किलो गांजा बरामद हुआ। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से 3,100 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और पीली धातु की चेन भी मिली।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन सिंह निवासी बाराबंकी, हाल पता गोसाईंगंज लखनऊ और सत्यम सिंह निवासी तमोरिया, थाना नगराम के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि उनका गैंग लखनऊ और आसपास के जिलों में गांजे की सप्लाई करता है। गांजे की खेप गोंडा के जरवल और आसपास के इलाकों से हासिल कर सफारी गाड़ी में छिपाकर लखनऊ लाई जाती थी।
पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्य गांजे को करीब 2-2 किलो की खेप में बांटकर अन्य लोगों को देते थे, जो उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर आसपास के इलाकों में बिक्री करते थे। आरोपियों ने कथित तौर पर तस्करी से होने वाले मुनाफे से महंगे मोबाइल, सोने की चेन और सफारी गाड़ी खरीदने की बात भी स्वीकार की है।
नगराम पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 141/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस के मुताबिक सत्यम सिंह के खिलाफ पूर्व में भी नगराम थाने में मारपीट और एससी/एसटी एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा, संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार के निर्देशन में डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक, एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार, एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा नगराम थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
