गोण्डा- खरगूपुर थाना क्षेत्र के जानकीनगर पोखरा गांव के पास बाइक सवार व्यक्ति पर हुई फायरिंग के 24 दिन बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज पीड़ित आनंद कुमार मिश्र उर्फ डीएम कई अधिवक्ताओं के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक और देवीपाटन परिक्षेत्र के डीआईजी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। इटियाथोक क्षेत्र के बसंतपुर राजा निवासी आनंद कुमार मिश्र उर्फ डीएम के मुताबिक घटना के दौरान उन्हें गोली लगी थी। गोली पैर में लगने से वह घायल हो गए, जबकि दूसरी गोली बाइक की टंकी में जा धंसी। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज गोंडा में भर्ती कराया गया था।
पीड़ित के तहरीर पर कुछ लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया था।
पीड़ित सहित अधिवक्ताओ का कहना है कि 24 दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद भी अबतक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पुलिस की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे मेरे परिवार में भय का माहौल है। पीड़ित और वकीलों द्वारा पुलिस अधिकारियों से मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए आरोपितों के गिरफ्तारी की मांग की गई है।
