गुरुवार, 10 सितंबर 2026

लखनऊ : बंथरा में लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और भाले से हमला, पिता-पुत्र गंभीर घायलघर में घुसकर बचाई जान।||Lucknow:Attack with sticks, axes, and spears in Banthra; father and son seriously injuredSaved their lives by entering their home.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
बंथरा में लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और भाले से हमला, पिता-पुत्र गंभीर घायल
घर में घुसकर बचाई जान।
दो टूक : लखनऊ के थाना बंथरा क्षेत्र टूड़ी खेड़ा मजरा कुरौनी गांव में मंगलवार रात विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कई लोगों ने एकजुट होकर श्रीकृष्ण और उनके बड़े पुत्र देवेन्द्र पर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और भाले से हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र को गंभीर चोटें आई हैं। जान बचाने के लिए दोनों किसी तरह घर के अंदर घुसकर दरवाजा बंद करने में कामयाब हुए।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना बन्थरा क्षेत्र कुरौनी गांव निवासी पीड़ित श्रीकृष्ण द्वारा स्थानीय थाना बंथरा में दी गई तहरीर के मुताबिक घटना 8 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। वह अपने घर के बाहर दैनिक कार्य कर रहे थे, तभी उनका बड़ा पुत्र देवेन्द्र भी उनके साथ मौजूद था। इसी दौरान गांव के धर्मवीर उर्फ रिंकू, महेन्द्र उर्फ राहुल, जितेन्द्र, धर्मेन्द्र, सत्येन्द्र, रामचन्द्र, रामू, सागर, रावेन्द्र उर्फ विपिन, छोटू उर्फ बउवा, बृजेश समेत अन्य लोग कथित रूप से लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और भाला लेकर पहुंच गए और पिता-पुत्र पर हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों से बचने के लिए वह और उनका पुत्र घर के अंदर भागे और दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि इसके बाद भी हमलावरों ने दरवाजा पीटा और गाली-गलौज करते रहे। पीड़ित की पत्नी राधा के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया है।
श्रीकृष्ण का आरोप है कि हमले में उन्हें और उनके पुत्र को गंभीर चोटें आईं। साथ ही हमलावरों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने बंथरा पुलिस से मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के पीछे का विवाद और आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।