लखनऊ :
रॉन्ग साइड से जा रही बाइक में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर,दो माह के मासूम की मौत।
दो टूक : बीकेटी थाना क्षेत्र में सोमवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो माह के मासूम की मौत हो गई। रामपुर बेहड़ा निवासी रामकुमार अपनी पत्नी और करीब ढाई माह के बेटे को बाइक से इलाज के लिए 100 शैय्या अस्पताल, साढ़ामऊ जा रहे थे। इसी दौरान लखनऊ-सीतापुर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, रामकुमार मोटरसाइकिल से रॉन्ग साइड से जा रहे थे, तभी लखनऊ से सीतापुर की ओर जा रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रामकुमार, उनकी पत्नी अंजलि और करीब 2 माह 15 दिन का बेटा ऋषि कुमार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
रामकुमार किसी तरह अपनी पत्नी और बेटे को लेकर 100 शैय्या अस्पताल साढ़ामऊ पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मासूम ऋषि कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर बीकेटी पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार, अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य बताई गई है।
