लखनऊ :
बुजुर्ग महिला का घर में फांसी के फंदे पर लटकता मिल शव,गांव में मचा हड़कंप,पंहुची पुलिस जांच में जुटी।।
दो टूक : लखनऊ के थाना काकोरी क्षेत्र के तेजकिशन खेड़ा गांव में सोमवार को 63 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला का शव कमरे के अंदर बल्ली से लटका मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची काकोरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला सूरसती पत्नी भवानी रावत (63), निवासी तेजकिशन खेड़ा, थाना काकोरी अपने पति से अलग कमरे में अकेली रहती थीं। सोमवार को उनकी पुत्री संगीता तालाब गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने अपनी मां को कमरे में फंदे से लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
112 के माध्यम से सूचना मिलने पर काकोरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान महिला कपड़े टांगने के लिए लगी मोटी बल्ली में प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फंदे से लटकी मिलीं। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में मौके की वीडियोग्राफी कराते हुए रस्सी कटवाकर शव को नीचे उतरवाया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए मामले की छानबीन कर रही है।
